पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची महिला, डॉक्टर ने किया चौंकाने वाला खुलासा!

punjabkesari.in Tuesday, Sep 09, 2025 - 12:33 PM (IST)

नारी डेस्क : दक्षिण अमेरिका के देश पराग्वे से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची। लेकिन जब डॉक्टरों ने जांच की, तो जो सच्चाई सामने आई उसने सबको हैरान कर दिया। महिला असल में गर्भवती थी और उसे इस बात का पता ही नहीं था। अस्पताल में ही उसकी डिलीवरी कराई गई और उसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।

PunjabKesari

अचानक पेट दर्द और खून बहने लगा

यह मामला कैपियाटा शहर का है। 33 वर्षीय महिला पेट में तेज दर्द की शिकायत लेकर आईपीएस अस्पताल पहुंची। महिला का कहना था कि दर्द इतना ज्यादा था कि वह सहन ही नहीं कर पा रही थी। हालत बिगड़ने पर वह बेहोश तक हो गई। डॉक्टरों ने तुरंत जांच शुरू की। बेहोश होने से पहले जब उससे गर्भवती होने के बारे में पूछा गया तो उसने साफ मना कर दिया। लेकिन जांच में पता चला कि वह लेबर पेन (प्रसव पीड़ा) में है और खून भी बह रहा है।

PunjabKesari

डॉक्टरों ने की तुरंत तैयारी

अस्पताल की डायरेक्टर ने बताया कि महिला के पहले से ही दो बच्चे हैं। अचानक उसकी हालत बिगड़ने और खून बहने पर डॉक्टरों की टीम तुरंत अलर्ट हो गई। पहले योजना थी कि उसे मैटरनिटी अस्पताल भेजा जाए, लेकिन उसकी नाज़ुक हालत देखकर वहीं डिलीवरी करने का फैसला लिया गया। अस्पताल की हाईली-ट्रेंड टीम को बुलाकर ऑपरेशन किया गया। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला ने एक स्वस्थ बेटी को जन्म दिया है। बच्ची का वजन करीब 3 किलो है। डिलीवरी के बाद मां और बेटी दोनों को मैटरनिटी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

PunjabKesari

डॉक्टर भी रह गए हैरान

इस मामले ने डॉक्टरों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है। उनका कहना है कि इतने लंबे समय तक महिला को अपने गर्भवती होने का पता कैसे नहीं चला? क्योंकि आमतौर पर पीरियड्स मिस होने और अन्य बदलावों से महिलाओं को गर्भावस्था का अंदाजा हो जाता है। कुछ डॉक्टरों ने इसे महिला की लापरवाही भी बताया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static