पीरियड्स रोकने की दवा  से हो सकती है मौत? डॉक्टर से जानिए इससे जुड़ा खतरनाक सच

punjabkesari.in Sunday, Aug 24, 2025 - 03:28 PM (IST)

 नारी डेस्क: आजकल की तेज़ रफ्तार ज़िंदगी में कई बार लड़कियां या महिलाएं किसी शादी, ट्रैवल या एग्जाम जैसे मौके पर पीरियड्स को टालने के लिए दवाओं का सहारा लेती हैं। ये गोलियां भले ही राहत का विकल्प लगें, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इनका बिना डॉक्टर की सलाह के सेवन जानलेवा भी हो सकता है? हाल ही में एक 18 साल की लड़की की मौत ने इस खतरे को लेकर सभी को चौंका दिया है। आइए जानते हैं क्या हुआ, और डॉक्टर इस बारे में क्या कहते हैं।

क्या हुआ उस 18 साल की लड़की के साथ?

कुछ दिनों पहले, एक 18 वर्षीय लड़की ने एक पारिवारिक कार्यक्रम के चलते अपने पीरियड्स को रोकने के लिए हार्मोनल पिल (Period Delay Pill) ली थी। कुछ ही समय बाद, उसे पेट और पैरों में अजीब दर्द महसूस हुआ। जब जांच करवाई गई, तो पता चला कि उसे DVT (Deep Vein Thrombosis) हो गया है।

DVT एक ऐसी स्थिति है, जिसमें शरीर की गहरी नसों में खून का थक्का जम जाता है। डॉक्टरों ने बताया कि खून का यह थक्का उसके पेट तक पहुंच गया था और स्थिति गंभीर हो चुकी थी। हालांकि डॉक्टरों ने तुरंत अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी, लेकिन लड़की के पिता ने मना कर दिया। दुर्भाग्य से, रात में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

PunjabKesari

 DVT क्या होता है और ये इतना खतरनाक क्यों है?

DVT (Deep Vein Thrombosis) में शरीर के अंदर नसों में खून का थक्का जमने लगता है। आमतौर पर यह थक्का पैरों या जांघों में बनता है, लेकिन कई बार यह खून के बहाव के साथ लिवर, हार्ट या फेफड़ों तक पहुंच सकता है। अगर यह थक्का ज़रूरी अंगों तक पहुंच जाए, तो कुछ ही मिनटों में व्यक्ति की जान जा सकती है। कई बार यह बीमारी बिना किसी लक्षण के भी होती है, जिससे लोग समय पर पहचान नहीं पाते।

डॉक्टरों की चेतावनी  ये दवाएं मज़ाक नहीं हैं

हार्मोनल दवाएं शरीर में तेज़ बदलाव करती हैं। इनसे खून गाढ़ा हो सकता है, जिससे नसों में थक्के बनने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। उन्होंने कहा "लोग सोचते हैं कि पीरियड्स को टालना आसान है, लेकिन ये गोलियां शरीर पर गहरा असर छोड़ती हैं। बिना डॉक्टर की सलाह इन्हें लेना मौत को दावत देने जैसा हो सकता है।"

ये भी पढ़ें:  मुंह का कैंसर होने के ये 2 Early Symptoms, बिल्कुल न करें Ignore, लापरवाही पड़ सकती है भारी

 बिना सलाह दवा लेना क्यों है खतरनाक?

हर लड़की और महिला का शरीर अलग होता है। किसी का हार्मोनल संतुलन पहले से ही कमजोर हो सकता है, किसी को ब्लड क्लॉटिंग की फैमिली हिस्ट्री हो सकती है। ऐसे में एक ही दवा सबके लिए सुरक्षित नहीं होती। इसलिए डॉक्टर कहते हैं“अगर कभी मजबूरी में पीरियड्स रोकने की ज़रूरत हो, तो स्त्री रोग विशेषज्ञ से सलाह लेकर ही दवा लें। खुद से लेने पर यह जानलेवा साबित हो सकती है।”

PunjabKesari

 DVT के कुछ संभावित लक्षण – जिन्हें हल्के में न लें

पैरों में सूजन या दर्द

पैरों में भारीपन या जलन

अचानक सांस फूलना

सीने में दर्द

थकान या बेहोशी जैसा महसूस होना

यदि इनमें से कोई लक्षण दवा लेने के बाद दिखे, तो तुरंत डॉक्टर से मिलें।

 स्वास्थ्य के साथ समझौता न करें

पीरियड्स को टालना कभी-कभी ज़रूरी हो सकता है, लेकिन इसकी कीमत आपकी सेहत या जान न बन जाए, इसका ध्यान रखना बेहद ज़रूरी है। अगर आपको ऐसी किसी दवा की जरूरत महसूस हो रही है, तो सबसे पहले किसी योग्य स्त्री रोग विशेषज्ञ से सलाह लें। अपने शरीर को जानें, अपनी सेहत को समझें  और कभी भी किसी टीवी ऐड या दोस्त की सलाह पर दवा न लें।

PunjabKesari

क्योंकि छोटी-सी लापरवाही… बहुत बड़ा नुकसान बन सकती है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static