Blood में Infection होने की निशानियां, जरा सी लापरवाही खतरनाक साबित होती

punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 09:05 PM (IST)

नारी डेस्कः खून में इंफेक्शन को मेडिकल भाषा में सेप्सिस (Sepsis) कहा जाता है। यह कोई साधारण संक्रमण नहीं, बल्कि शरीर की एक गंभीर और अनियंत्रित प्रतिक्रिया होती है, जो तब उत्पन्न होती है जब किसी बैक्टीरिया, वायरस या फंगस का संक्रमण शरीर के किसी हिस्से (जैसे फेफड़े, पेशाब की नली, पेट, त्वचा या घाव) से फैलकर रक्त के माध्यम से पूरे शरीर में पहुंच जाता है।

सामान्य तौर पर हमारा इम्यून सिस्टम संक्रमण से लड़कर हमें सुरक्षित रखता है, लेकिन सेप्सिस की स्थिति में यही रक्षा तंत्र अत्यधिक सक्रिय होकर शरीर के अपने ही अंगों को नुकसान पहुंचाने लगता है। इससे सूजन बढ़ जाती है, ब्लड प्रेशर गिर सकता है, ऑक्सीजन की कमी हो सकती है और किडनी, लिवर, फेफड़े तथा हृदय जैसे महत्वपूर्ण अंग प्रभावित हो सकते हैं।

यदि समय पर इलाज न मिले तो सेप्सिस सेप्टिक शॉक में बदल सकता है, जो जानलेवा साबित हो सकता है। यही कारण है कि इसके शुरुआती लक्षणों को पहचानना और तुरंत चिकित्सा सहायता लेना बेहद आवश्यक है।

Blood में इंफेक्शन होने की मुख्य निशानियां

तेज बुखार (101°F या उससे ज्यादा) या शरीर का तापमान बहुत कम हो जाना

तेज धड़कन (Heart rate बढ़ना)
तेज सांस चलना या सांस लेने में दिक्कत
बहुत ज्यादा कमजोरी या थकान
ठंड लगना और कंपकंपी
उलझन, घबराहट या बेहोशी जैसा महसूस होना
पेशाब कम आना
त्वचा का पीला, ठंडा या धब्बेदार दिखना
अगर ये लक्षण किसी चोट, सर्जरी, निमोनिया, यूरिन इन्फेक्शन या किसी अन्य संक्रमण के बाद दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

Blood Infection के कारण

गंभीर बैक्टीरियल संक्रमण
फेफड़ों का संक्रमण (निमोनिया)
यूरिन इन्फेक्शन
पेट या आंत का संक्रमण
घाव या सर्जरी के बाद संक्रमण या फिर किसी जानवर के उस घाव को चाटने से भी यह इंफेक्शन हो सकता है जो कि बेहद जानलेवा साबित हो सकता है। हाल ही में यूके में ऐसा मामला भी सामने आया जिसमें 52 साल की एक महिला के हाथ पैर इसी इंफेक्शन के चलते काटने पड़ गए क्योंकि महिला की चोट को उसी के पालतू ने चाट दिया था जिससे लार उनके ब्लड में इंफेक्शन कर गई जो इतना बढ़ गया कि महिला के हाथ पैर काटने पड़ गए।

खून को साफ करने के लिए क्या करें?

सबसे पहले यह समझ लें कि खून को “घरेलू उपायों से साफ” नहीं किया जा सकता। अगर खून में इंफेक्शन है, तो यह मेडिकल इमरजेंसी है और इसका इलाज डॉक्टर ही कर सकते हैं।

मेडिकल उपचार

एंटीबायोटिक दवाएं (डॉक्टर की सलाह से)
IV फ्लूड (ड्रिप)
गंभीर स्थिति में ICU देखभाल

खून को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें?

अगर बात सामान्य स्वास्थ्य की हो (इंफेक्शन नहीं), तो ये आदतें अपनाएं:

भरपूर पानी पिएंः पानी शरीर से टॉक्सिन निकालने में मदद करता है।

संतुलित आहार लेंः हरी पत्तेदार सब्जियां, फल (अनार, संतरा, सेब),  दालें और प्रोटीन, आयरन और विटामिन C से भरपूर भोजन

नियमित व्यायामः रक्त संचार बेहतर करता है।

पर्याप्त नींदः इम्यून सिस्टम मजबूत बनाता है।

संक्रमण से बचावः घाव को साफ रखें, हाथों की साफ-सफाई रखें, वैक्सीनेशन समय पर करवाएं

कब तुरंत अस्पताल जाएं?

तेज बुखार के साथ ठंड लगना
सांस लेने में दिक्कत
बेहोशी या भ्रम
ब्लड प्रेशर गिरना

याद रखने वाली बातः  सेप्सिस में देरी जानलेवा हो सकती है इसलिए घरेलू इलाज पर निर्भर न रहें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vandana

Related News

static