सिनेमा जगत में पसरा मातम: Oscar विजेता मशहूर Film Editor का निधन, दुनिया को कहा अलविदा

punjabkesari.in Monday, Jun 01, 2026 - 03:10 PM (IST)

नारी डेस्क:  हॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर फिल्म एडिटर और ऑस्कर विजेता मार्सिया लुकास का 80 वर्ष की आयु में निधन हो गया। कैंसर से जूझ रहीं मार्सिया ने अंतिम सांस ली, जिसके बाद पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। सिनेमा जगत में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा, क्योंकि उन्होंने पर्दे के पीछे रहकर कई ऐसी फिल्मों को आकार दिया, जिन्होंने दुनिया भर के दर्शकों का दिल जीता।

‘स्टार वार्स’ की सफलता में था अहम योगदान

मार्सिया लुकास का नाम हॉलीवुड की सबसे प्रतिभाशाली फिल्म एडिटर्स में शुमार किया जाता है। उन्हें खास तौर पर ‘स्टार वार्स’ और ‘अमेरिकन ग्रैफिटी’ जैसी ऐतिहासिक फिल्मों की एडिटिंग के लिए जाना जाता है। उनकी बेहतरीन एडिटिंग ने इन फिल्मों को एक अलग पहचान दिलाई और दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय बनाया। ‘स्टार वार्स’ की एडिटिंग में उनके योगदान को इतना सराहा गया कि उन्हें बेस्ट फिल्म एडिटिंग के लिए ऑस्कर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि उनके करियर की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक मानी जाती है।

PunjabKesari

साधारण शुरुआत से बनाई खास पहचान

कैलिफोर्निया में जन्मी मार्सिया लुकास ने अपने करियर की शुरुआत बेहद सामान्य तरीके से की थी। शुरुआती दिनों में उन्होंने प्रसिद्ध एडिटर वर्ना फील्ड्स के साथ काम किया और यहीं से फिल्म एडिटिंग की बारीकियां सीखीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात फिल्ममेकर जॉर्ज लुकास से हुई, जो बाद में उनके जीवनसाथी बने। साल 1969 में दोनों ने शादी की और इसके बाद मार्सिया ने जॉर्ज लुकास की कई शुरुआती फिल्मों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी मेहनत और समझ ने कई प्रोजेक्ट्स को सफल बनाने में मदद की।

‘अमेरिकन ग्रैफिटी’ से मिला पहला बड़ा सम्मान

मार्सिया लुकास ने फिल्म ‘अमेरिकन ग्रैफिटी’ की एडिटिंग में भी शानदार काम किया था। इस फिल्म के लिए उन्हें पहली बार ऑस्कर अवॉर्ड के लिए नामांकित किया गया। हालांकि उस समय वह पुरस्कार नहीं जीत सकीं, लेकिन इंडस्ट्री में उनकी प्रतिभा को पहचान मिल चुकी थी।यही वह दौर था जब मार्सिया को हॉलीवुड की सबसे भरोसेमंद और कुशल एडिटर्स में गिना जाने लगा था।

ये भी पढ़ेंं: ‘मैं खुद को खो चुकी थी...’ Pooja Bhatt ने सालों बाद बताई तलाक की असली वजह

‘स्टार वार्स’ ने बदल दी किस्मत

मार्सिया की जिंदगी का सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब उन्होंने ‘स्टार वार्स’ पर काम किया। यह फिल्म न केवल बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई, बल्कि इसने विज्ञान-फंतासी फिल्मों के इतिहास को भी बदल दिया। मार्सिया ने पॉल हिर्श और रिचर्ड च्यू के साथ मिलकर फिल्म की एडिटिंग की थी। उनके शानदार काम की बदौलत टीम को बेस्ट फिल्म एडिटिंग का ऑस्कर अवॉर्ड मिला। उस साल ‘स्टार वार्स’ ने कुल छह ऑस्कर अपने नाम किए थे और इसकी सफलता में मार्सिया का योगदान बेहद अहम माना गया।

PunjabKesari

परिवार ने जारी किया भावुक बयान

मार्सिया के निधन के बाद उनके परिवार ने एक भावुक बयान जारी किया। परिवार ने कहा कि उन्हें सिर्फ उनकी फिल्मों के लिए ही नहीं, बल्कि उनकी सकारात्मक सोच, स्नेहपूर्ण स्वभाव और लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने वाली शख्सियत के लिए भी हमेशा याद किया जाएगा। उनके करीबियों का कहना है कि मार्सिया हर जगह अपनी गर्मजोशी और ऊर्जा से माहौल को खास बना देती थीं।

हमेशा प्रेरणा देती रहेंगी मार्सिया लुकास

भले ही मार्सिया लुकास आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन सिनेमा की दुनिया में उनका योगदान हमेशा जीवित रहेगा। उन्होंने साबित किया कि कैमरे के पीछे काम करने वाले कलाकार भी फिल्मों की सफलता में उतनी ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जितनी पर्दे पर नजर आने वाले सितारे। उनकी कहानी आने वाली पीढ़ियों के फिल्ममेकर्स, एडिटर्स और सिनेमा प्रेमियों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी। उनके निधन से फिल्म जगत ने एक ऐसी प्रतिभा को खो दिया है, जिसकी भरपाई करना आसान नहीं होगा।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static