Promise Day पर पार्टनर के साथ- साथ अपने बच्चों से भी करें ये वादे, उम्र भर पूरा परिवार रहेगा Happy
punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 04:16 PM (IST)
नारी डेस्क: वैलेंटाइन वीक का यह दिन सिर्फ कपल्स के लिए नहीं, बल्कि माता-पिता और बच्चों के रिश्ते को मजबूत बनाने का भी एक खूबसूरत मौका हो सकता है। बच्चों को महंगे गिफ्ट नहीं, बल्कि भरोसा और अपनापन ज्यादा याद रहता है। आइए समझते हैं कि इस दिन बच्चे से किस तरह के वादे सबसे ज्यादा मायने रखते हैं ।

बिना शर्त प्यार का वादा
बच्चे अक्सर यह सोचकर डरते हैं कि गलती करने पर उनका प्यार कम हो जाएगा। ऐसे में उनसे कहें: “तुम चाहे जैसी भी गलती करो, मेरा प्यार हमेशा तुम्हारे साथ रहेगा।”यह वादा बच्चे को भावनात्मक सुरक्षा देता है। उसे पता रहता है कि वह हर हाल में स्वीकार किया जाता है।
सुरक्षा का वादा
हर बच्चे को यह एहसास चाहिए कि वह सुरक्षित है। माता-पिता का यह वादा बहुत ताकत देता है जैसे: “मैं तुम्हारी रक्षा करूंगा/करूंगी और तुम्हें कभी अकेला महसूस नहीं होने दूंगा।” यह वादा सिर्फ शारीरिक सुरक्षा नहीं, बल्कि भावनात्मक सुरक्षा भी देता है जैसे डर, स्कूल की परेशानी या दोस्ती के मुद्दों में साथ देना।
हमेशा साथ देने का वादा
बच्चे की छोटी-बड़ी उपलब्धियों और असफलताओं में साथ देना बहुत जरूरी है। उनसे कहा- “जब तुम गिरोगे, मैं तुम्हें उठाने के लिए यहीं रहूंगा।” इस तरह का वादा बच्चे में आत्मविश्वास बढ़ाता है और उसे रिस्क लेने का साहस देता है।

सुनने का वादा
आज के डिजिटल दौर में बच्चे चाहते हैं कि उन्हें सच में सुना जाए। उनसे वादा करें- “मैं तुम्हारी बात ध्यान से सुनूंगा, बिना डांटे और बिना जज किए।” यह वादा बच्चे और माता-पिता के बीच भरोसे की मजबूत नींव बनाता है।
सपनों का सम्मान करने का वादा
हर बच्चा अलग होता है। उसकी रुचि, उसकी गति और उसके सपने भी अलग होते हैं। उनसे वादा करें: “मैं तुम्हारे सपनों को समझने और उन्हें पूरा करने में तुम्हारा साथ दूंगा।” यह वादा बच्चे को अपनी पहचान बनाने की ताकत देता है।
क्यों जरूरी हैं ये वादे?
इससे बच्चे का आत्मविश्वास बढ़ता है, वह खुलकर अपनी भावनाएं साझा करता है, माता-पिता से उसका रिश्ता और गहरा होता है और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है। याद रखें, बच्चों के लिए सबसे बड़ा गिफ्ट समय, समझ और भरोसा है। प्रॉमिस डे पर किया गया एक सच्चा वादा बच्चे के दिल में जिंदगी भर के लिए बस सकता है।

