'एक रात उसने सिगरेट से मुझे जला दिया था...' नीति टेलर ने बयां किया दर्दनाक रिश्ता

punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 05:53 PM (IST)

नारी डेस्क:  टीवी अभिनेत्री नीति टेलर इन दिनों प्राइम वीडियो के रियलिटी गेम शो 'अलायंस' में नजर आ रही हैं। शो के एक हालिया एपिसोड में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा ऐसा अनुभव साझा किया, जिसने सभी को भावुक कर दिया। बातचीत के दौरान नीति ने अपने एक पुराने रिश्ते के बारे में खुलकर बात की और बताया कि उनका एक्स-बॉयफ्रेंड बेहद हिंसक स्वभाव का था।

'उसने सिगरेट से मेरी जांघ जला दी थी'

शो में मिनी माथुर, रूही दोसानी और देल्बर आर्या के साथ बातचीत करते हुए नीति टेलर ने बताया कि एक बार उनके एक्स-बॉयफ्रेंड ने गुस्से में उनकी जांघ के अंदरूनी हिस्से को सिगरेट से जला दिया था। उन्होंने अपनी स्किन पर मौजूद निशान भी दिखाया और कहा कि वह घटना आज भी उनके लिए बेहद दर्दनाक यादों में शामिल है। नीति के मुताबिक, यह घटना उनके एक्स-बॉयफ्रेंड के जन्मदिन की रात हुई थी। उन्होंने बताया कि वह अचानक बेहद आक्रामक हो गया, उन्हें थप्पड़ मारा और शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचाया। उसी घटना के बाद उन्होंने फैसला किया कि अब इस रिश्ते को आगे नहीं बढ़ाया जा सकता।

PunjabKesari

'मैं बहुत छोटी थी, इसलिए समझ नहीं पाई'

नीति टेलर ने कहा कि उस समय वह उम्र में काफी छोटी थीं और रिश्तों को लेकर उतनी समझ नहीं थी। उन्होंने स्वीकार किया कि कई बार कम उम्र और भावनात्मक जुड़ाव की वजह से व्यक्ति सामने वाले के असली स्वभाव को पहचान नहीं पाता। उन्होंने कहा कि उन्हें बाद में एहसास हुआ कि वह रिश्ता उनके लिए बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं था। उन्होंने अपने पूर्व साथी के व्यवहार को बेहद हिंसक बताते हुए कहा कि वह मानसिक रूप से अस्थिर और आक्रामक प्रवृत्ति का था।

शादी और तलाक की अफवाहों पर भी रख चुकी हैं अपनी बात

नीति टेलर ने अगस्त 2019 में अपने बॉयफ्रेंड परीक्षित बावा से सगाई की थी और 13 अगस्त 2020 को दोनों शादी के बंधन में बंधे। साल 2024 में दोनों के अलग होने की खबरें और तलाक की अफवाहें भी सामने आई थीं। हालांकि, इन चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए नीति ने कहा था कि अगर किसी बात में सच्चाई नहीं होती, तो हर अफवाह का जवाब देना जरूरी नहीं होता। उनके अनुसार, कई बार आपकी चुप्पी ही सबसे बड़ा जवाब होती है।

ये भी पढ़ें:  आमिर खान और गौरी स्प्रैट की शादी की तैयारियां शुरू, घर की सजावट की तस्वीरें वायरल

टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा हैं नीति टेलर

नीति टेलर ने महज 15 साल की उम्र में अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। उन्होंने साल 2009 में टीवी शो 'प्यार का बंधन' से अपने करियर की शुरुआत की। हालांकि, उन्हें सबसे बड़ी पहचान 'कैसी ये यारियां' में नंदिनी मूर्ति के किरदार से मिली। इस शो में अभिनेता पार्थ समथान के साथ उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसके अलावा वह 'गुलाम', 'इश्कबाज', 'झलक दिखला जा 10' और 'बड़े अच्छे लगते हैं 2' जैसे कई लोकप्रिय शो का भी हिस्सा रह चुकी हैं।

PunjabKesari

क्या है 'अलायंस' शो का कॉन्सेप्ट

'अलायंस' एक रियलिटी गेम शो है, जिसे अभिनेता कुणाल खेमू होस्ट कर रहे हैं। इस शो में प्रतिभागियों के बीच लगातार बदलते समीकरण, रणनीति और गठजोड़ देखने को मिलते हैं। हर एपिसोड में नए ट्विस्ट और एलिमिनेशन के चलते शो लगातार चर्चा में बना हुआ है। हाल ही में शो से वंशज सिंह बाहर हो गए, जबकि अभिनेता और सांसद रवि किशन ने अपनी राजनीतिक जिम्मेदारियों के चलते शो छोड़ दिया। उनकी जगह सोहेल खान, वृद्धि पटवा और आगु स्टेनली चिएडोजी ने शो में एंट्री ली है। यह शो शनिवार से गुरुवार तक दोपहर 12 बजे प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किया जाता है।
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static