मुझे बुरी तरह पीटा, मेरी पत्नी की पसलियां तोड़ी.... कॉमेडियन ने मुंबई पुलिस पर लगाए गंभीर आराेप
punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 04:32 PM (IST)
नारी डेस्क: हास्य कलाकार रौनक रजानी ने दावा किया कि पिछले सप्ताह मुंबई के शिवाजी पार्क में विद्यार्थियों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उनकी पत्नी के साथ 'अत्यधिक बल' प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि एक पुलिसकर्मी द्वारा धक्का दिए जाने के बाद उनकी पत्नी की एक पसली टूट गयी। रौनक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा कि इसमें कथित बदसलूकी से पहले के घटनाक्रम को देखा जा सकता है।
रौनक रजानी ने इंस्टाग्राम पर एक 5 मिनट का लंबा वीडियो शेयर किया है। इसमें उन्हाेंने 22 जुलाई को घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी पत्नी की पसलियां टूट गई हैं। कॉमेडियन ने कहा- "मेरी पत्नी की पसली एक पुलिसकर्मी ने तोड़ दी। 22 जुलाई को शिवाजी पार्क में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा लोगों को कथित रूप से अवैध तरीके से हिरासत में लिए जाने के समय मुझे और मेरी पत्नी को भी हिरासत में ले लिया गया था।"
रौनक ने कहा, - " पुलिस ने हमें जबरदस्ती अपनी गाड़ी में धक्का देकर बैठाया। मेरी गर्दन में झटका लग गया जबकि मेरी पत्नी को पसलियों में दर्द होने लगा।" 36 साल के कॉमेडियन ने इसके साथ घटना का वीडियो और मुंबई के प्रतिष्ठित ब्रीच कैंडी अस्पताल की वो पर्ची भी दिखाई है, जिसमें पसली टूटने की पुष्टि है। दिल्ली में हुए CJP Protest के सपोर्ट में 22 जुलाई को मुंबई में भी एक विरोध प्रदर्शन का आयोजन हुआ था। इस दौरान बॉलीवुड से भी कई सेलेब्स वहां पहुंचे थे।

