नाइट क्रीम से सौंदर्य निखार: शहनाज हुसैन के बताए टिप्स और त्वचा की देखभाल का आसान तरीका
punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 04:34 PM (IST)
नारी डेस्क: नाइट क्रीम के बारे में आपने जरूर सुना होगा। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, तनाव, गलत लाइफस्टाइल और प्रदूषण का असर हमारी त्वचा पर साफ दिखाई देता है। दिनभर की थकान से चेहरा बेजान और रूखा लगने लगता है। ऐसे में रात का समय त्वचा के लिए सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इस दौरान स्किन खुद को रिपेयर करती है। इसी समय नाइट क्रीम का इस्तेमाल बेहद फायदेमंद होता है। यह त्वचा को गहराई से पोषण, नमी और प्राकृतिक चमक प्रदान करती है।
रात में नाइट क्रीम क्यों जरूरी है
त्वचा विशेषज्ञों के अनुसार रात के समय त्वचा अधिक सक्रिय होती है और खुद को ठीक करने की प्रक्रिया में होती है। इस दौरान नाइट क्रीम लगाने से स्किन को जरूरी पोषण मिलता है। रात में हम बार-बार चेहरे को नहीं छूते और त्वचा धूल-मिट्टी से भी सुरक्षित रहती है। इसलिए क्रीम के पोषक तत्व त्वचा में बेहतर तरीके से अवशोषित होते हैं। नाइट क्रीम को लगभग 8 से 10 घंटे तक त्वचा पर रहने का समय मिलता है, जिससे इसका असर और भी बेहतर होता है।

नाइट क्रीम के फायदे
नाइट क्रीम त्वचा को कई तरह से लाभ पहुंचाती है। यह त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद करती है और उसे मुलायम बनाती है। इसमें मौजूद पोषक तत्व त्वचा को ठंडक और आराम देते हैं। कुछ नाइट क्रीम में एंटी-एजिंग गुण भी होते हैं, जो बढ़ती उम्र के लक्षणों जैसे झुर्रियां और फाइन लाइन्स को कम करने में मदद कर सकते हैं।
सही नाइट क्रीम का चुनाव क्यों जरूरी है
आज बाजार में कई तरह की नाइट क्रीम उपलब्ध हैं, लेकिन सही क्रीम का चुनाव बेहद जरूरी है। अच्छी गुणवत्ता वाली नाइट क्रीम घर पर भी आसानी से तैयार की जा सकती है, जो किफायती होने के साथ-साथ प्रभावी भी होती हैं। आप चाहें तो नामी कंपनियों की नाइट क्रीम भी इस्तेमाल कर सकती हैं, क्योंकि वे अलग-अलग स्किन टाइप के अनुसार बनाई जाती हैं।
स्किन टाइप के अनुसार नाइट क्रीम का उपयोग
नाइट क्रीम का उपयोग हमेशा स्किन टाइप के अनुसार करना चाहिए। नॉर्मल और ड्राई स्किन के लिए नाइट क्रीम फायदेमंद होती है। ऑयली और एक्ने-प्रोन स्किन के लिए इसका इस्तेमाल सावधानी से करना चाहिए। ऑयली स्किन पर भारी क्रीम लगाने से रोम छिद्र बंद हो सकते हैं, जिससे ब्लैकहेड्स और पिंपल्स की समस्या बढ़ सकती है। इसलिए ऐसे लोगों को हल्की या जेल-बेस्ड क्रीम का इस्तेमाल करना चाहिए।

ये भी पढ़ें: Lipstick लगाने के बाद Lips क्यों हो जाते हैं Dry? जानिए इसकी वजह
घर पर बनने वाली कुछ आसान नाइट क्रीम रेसिपी
एलोवेरा और नींबू जेल: एलोवेरा जेल में नींबू की कुछ बूंदें मिलाकर चेहरे और गर्दन पर लगाया जा सकता है। यह त्वचा को ताजगी और नमी देता है।
ड्राई स्किन के लिए क्रीम: दो चम्मच एलोवेरा जेल, एक चम्मच ऑलिव ऑयल और दो चम्मच दूध पाउडर मिलाकर क्रीम तैयार करें। इसे रात में लगाकर सुबह धो लें।
एवोकाडो फेस मास्क: आधे पके एवोकाडो में अंडा मिलाकर क्रीमी पेस्ट बनाएं और चेहरे पर लगाएं। यह त्वचा को पोषण देता है और ग्लो बढ़ाता है।
एलोवेरा और विटामिन E क्रीम: एलोवेरा जेल में विटामिन E कैप्सूल और बादाम तेल या गुलाब जल मिलाकर स्मूद क्रीम तैयार करें। यह झुर्रियों को कम करने में मदद करता है।
नारियल तेल और शहद मिश्रण: नारियल तेल और शहद को हल्का गर्म करके चेहरे और गर्दन पर लगाएं। इससे त्वचा में प्राकृतिक निखार आता है।
ऑयली स्किन के लिए जेल: एलोवेरा जेल में खीरे का रस और टी-ट्री ऑयल मिलाकर हल्का जेल तैयार करें। यह ऑयल को कंट्रोल करने में मदद करता है।
घर की आसान ऑयल क्रीम: नारियल तेल और बादाम तेल को गर्म करके उसमें गुलाब जल और ग्लिसरीन मिलाएं। यह त्वचा को नरम और हाइड्रेट रखने में मदद करता है।

नाइट क्रीम लगाने का सही तरीका
हमेशा चेहरा अच्छी तरह साफ करके ही नाइट क्रीम लगाएं। हल्के हाथों से मसाज करते हुए क्रीम लगाएं। आंखों के आसपास क्रीम लगाने से बचे। चेहरे के साथ गर्दन पर भी क्रीम लगाएं। मेकअप हटाकर ही नाइट क्रीम का उपयोग करें। बहुत ज्यादा गाढ़ी क्रीम का इस्तेमाल न करें। नई क्रीम का पहले पैच टेस्ट जरूर करें। गंदी या बिना साफ त्वचा पर क्रीम न लगाएं। ऑयली स्किन वालों को भारी क्रीम से बचना चाहिए। गलत उपयोग से रोम छिद्र बंद हो सकते हैं और पिंपल्स हो सकते हैं।

