हॉलीवुड की सबसे बड़ी डील तय: नेटफ्लिक्स ने 72 अरब डॉलर में Warner Bros Discovery खरीदा

punjabkesari.in Saturday, Dec 06, 2025 - 07:35 PM (IST)

नारी डेस्क: मनोरंजन की दुनिया में शुक्रवार को एक ऐतिहासिक डील हुई है। नेटफ्लिक्स ने Warner Bros Discovery को 72 अरब डॉलर यानी लगभग 6.47 लाख करोड़ रुपये में खरीदने का फैसला किया है। इस डील के तहत Warner Bros का पूरा स्टूडियो, HBO Max, DC Studios और उनका स्ट्रीमिंग बिजनेस नेटफ्लिक्स के अधीन आ जाएगा। इस डील की कुल वैल्यू 82.7 अरब डॉलर आंकी गई है और यह 2026 की तीसरी तिमाही तक पूरी होने की उम्मीद है।

नेटफ्लिक्स की यात्रा और ताकत

नेटफ्लिक्स की शुरुआत 1997 में रीड हेस्टिंग्स और मार्क रैंडोल्फ ने डीवीडी रेंटल सर्विस के रूप में की थी। धीरे-धीरे ऑनलाइन स्ट्रीमिंग की दिशा में बदलाव करते हुए नेटफ्लिक्स ने दुनिया भर में अपनी पकड़ मजबूत की। स्ट्रेंजर थिंग्स, स्क्विड गेम, द क्राउन, नार्कोस और मनी हाइस्ट जैसी हिट सीरीज ने नेटफ्लिक्स को अलग पहचान दी। आज नेटफ्लिक्स दुनिया की सबसे बड़ी स्ट्रीमिंग कंपनी है, जिसके करोड़ों सब्सक्राइबर हैं और इसके कंटेंट की रेंज अब और भी विशाल होने वाली है।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by The RichGen Life (@richgenlife)

Warner Bros की 100 साल की विरासत

Warner Bros की स्थापना 1923 में चार भाइयों - हैरी, अल्बर्ट, सैम और जैक वॉर्नर ने की थी। हॉलीवुड के इतिहास में यह स्टूडियो हमेशा सबसे ऊपर रहा है। Warner Bros ने कई आइकॉनिक फिल्मों को जन्म दिया है जैसे कैसाब्लांका, द एक्सॉर्सिस्ट, हैरी पॉटर, द मैट्रिक्स, लॉर्ड ऑफ द रिंग्स और द डार्क नाइट। इस स्टूडियो की 100 साल की विरासत अब नेटफ्लिक्स के हाथ में आ रही है, जो उन्हें हॉलीवुड के सबसे बड़े कंटेंट खजाने तक पहुंचाती है।

HBO Max और DC Studios की जिम्मेदारी

Warner Bros के पास HBO Max जैसे बड़े स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म और DC Studios भी हैं। DC Studios में बैटमैन, सुपरमैन, वंडर वुमन जैसे आइकॉनिक किरदार शामिल हैं। इन सभी को नेटफ्लिक्स के साथ जोड़ने से स्ट्रीमिंग मार्केट में बड़ा बदलाव आएगा। भविष्य में नेटफ्लिक्स के प्लेटफॉर्म पर स्ट्रेंजर थिंग्स और बैटमैन की दुनिया दोनों एक ही पेरेंट कंपनी के अंतर्गत दिख सकती हैं।

एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री पर असर

यह डील हॉलीवुड की सबसे बड़ी स्टूडियो खरीद मानी जा रही है। इसका मतलब है कि स्ट्रीमिंग सर्विसेज की प्रतिस्पर्धा और तेज होगी। नेटफ्लिक्स को अब इतनी बड़ी लाइब्रेरी और कंटेंट का खजाना मिल गया है कि डिज्नी, अमेजन प्राइम वीडियो और पैरामाउंट जैसी कंपनियों के लिए मुकाबला और चुनौतीपूर्ण हो जाएगा। आने वाले समय में नेटफ्लिक्स की ताकत और कंटेंट वैराइटी से पूरे एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री पर बड़ा असर पड़ने वाला है।
  
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static