''तुम्हारे बाप का नहीं खाती, तुम्हें क्यों परेशानी?'' शादी के सवाल पर नीना गुप्ता ने दिया बेबाक जवाब

punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 05:21 PM (IST)

नारी डेस्क: नीना गुप्ता बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जो अपनी निजी जिंदगी से जुड़े सवालों पर बात करने से पीछे नहीं हटतीं। शादी हो, रिश्ते हों, उम्र हो या फिर उनके लुक्स और वजन को लेकर किए जाने वाले कमेंट्स नीना अक्सर अपनी बात खुलकर रखती हैं। इस बार भी जब उनसे शादी को लेकर सवाल किया गया, तो एक्ट्रेस ने ऐसा जवाब दिया कि उनकी बेबाकी एक बार फिर चर्चा में आ गई।

शादी के सवाल पर नीना ने दिया करारा जवाब

हाल ही में CNN-News18 के साथ बातचीत के दौरान नीना गुप्ता से उनकी शादी को लेकर सवाल किया गया। उनसे पूछा गया कि आखिर वह शादी कब कर रही हैं? इस पर नीना ने बिना घुमाए-फिराए जवाब दिया, "तुम्हारे बाप का नहीं खाती, तुम्हें क्यों परेशानी हो रही है? तुमने तो शादी कर ली है ना।" नीना का यह जवाब सुनकर साफ हो गया कि उन्हें अपनी निजी जिंदगी में किसी की बेवजह की दखलअंदाजी पसंद नहीं है। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया।

वजन को लेकर भी झेल चुकी हैं ट्रोलिंग

नीना गुप्ता ने इसी बातचीत में बॉडी शेमिंग को लेकर अपना अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि एक बार साड़ी पहनते समय उनकी कमर के पास कपड़ा थोड़ा ज्यादा इकट्ठा हो गया था। इसके बाद कुछ लोगों ने उनके वजन को लेकर कमेंट करना शुरू कर दिया। हद तो तब हो गई जब लोगों ने उनकी उम्र को लेकर ऐसी बातें कहीं कि 60 साल की उम्र में वह प्रेग्नेंट हैं।

'हां, मैं प्रेग्नेंट हूं' कहकर दिया जवाब

लोगों की इन बातों पर नीना ने नाराज होने के बजाय अपने ही अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी टीम से मजाक में कह दिया था कि लोगों से कह दो, "हां, मैं प्रेग्नेंट हूं!" नीना का कहना है कि अगर कोई आपके शरीर या वजन को लेकर बेवजह टिप्पणी करता है, तो हर बार उसे गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। कई बार ऐसे लोगों को उसी अंदाज में जवाब देना बेहतर होता है।

अपनी शर्तों पर जिंदगी जीती हैं नीना

नीना गुप्ता लंबे समय से इंडस्ट्री में काम कर रही हैं और अपनी एक्टिंग के साथ-साथ अपने बेबाक अंदाज के लिए भी जानी जाती हैं। वह कई बार उम्र, शादी और पर्सनल लाइफ को लेकर समाज की सोच पर अपनी राय रख चुकी हैं। उनका कहना है कि किसी की निजी जिंदगी को लेकर सवाल करने से पहले यह समझना जरूरी है कि हर इंसान अपने फैसले खुद लेने के लिए आजाद है। नीना गुप्ता का यह बेबाक अंदाज एक बार फिर लोगों का ध्यान खींच रहा है। शादी और बॉडी शेमिंग जैसे मुद्दों पर उनका खुलकर बोलना बताता है कि वह दूसरों की राय के हिसाब से नहीं, बल्कि अपनी शर्तों पर जिंदगी जीना पसंद करती हैं।

आपको नीना गुप्ता का यह बेबाक अंदाज कैसा लगा? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static