खाने में छिपकली मिलने के बाद अब सीलबंद नमकीन के पैकेट में मिला मरा हुआ चूहे का बच्चा, Video Viral
punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2026 - 01:59 PM (IST)
नारी डेस्क : बच्चों का मन हो या हमारा, कभी-कभी कुछ चटपटा खाने का मन करता है और ऐसे में घर के खाने के बजाय बाहर की नमकीन, आइसक्रीम या दूसरी चीजें खाना पसंद करते हैं। लेकिन कई बार खाने-पीने की चीजों में ऐसी चीजें मिलने की खबर सामने आती है, जिन्हें देखकर किसी का भी भरोसा डगमगा जाए। कभी करी में छिपकली मिलने का दावा सामने आता है तो कभी आइसक्रीम में कीड़ा मिलने की बात सामने आती है। अब कानपुर देहात से ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक उपभोक्ता ने ब्रांडेड नमकीन के सीलबंद पैकेट में मरा हुआ चूहे का बच्चा मिलने का दावा किया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
₹80 में खरीदा था नमकीन का पैकेट
जानकारी के मुताबिक, राजपुर कस्बे की नई बस्ती निवासी जावेद खान ने बुधवार को मुगल रोड स्थित एक किराना दुकान से बच्चों के लिए ₹80 का नमकीन पैकेट खरीदा था। जावेद का दावा है कि दुकान के सामने ही पैकेट खोलने के बाद जब उन्होंने नमकीन में हाथ डाला, तो उसमें एक मरा हुआ चूहे का बच्चा दिखाई दिया। चूहे को देखकर वह हैरान रह गए और उन्होंने तुरंत दुकानदार को इसकी जानकारी दी। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने नमकीन के पैकेट और उसके अंदर मौजूद कथित चूहे का वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
ब्रांडेड नमकीन के पैकेट में मिला चूहे का मरा बच्चा 😱
— Adesh_26 (@SonOfBharat_88) August 20, 2026
कानपुर देहात के राजपुर कस्बे में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जहाँ, नई बस्ती निवासी जावेद खान ने मुगल सड़क किनारे स्थित एक किराना दुकान से बच्चों के लिए ₹80 का दालमोंठ पैकेट खरीदा।
दुकान के सामने बैठकर जैसे ही उन्होंने… pic.twitter.com/Z1dQsPrgTC
VIDEO वायरल होने के बाद हरकत में आया विभाग
मामले का वीडियो सामने आने और शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम राजपुर पहुंची। अधिकारियों ने शिकायतकर्ता और दुकानदार के बयान दर्ज किए हैं। इसके अलावा संबंधित नमकीन निर्माता कंपनी के प्रतिनिधियों से भी जवाब मांगा गया है। खाद्य विभाग ने कंपनी को नोटिस जारी कर यह बताने को कहा है कि अगर पैकेट वास्तव में सीलबंद था, तो उसके अंदर कथित तौर पर चूहे का बच्चा कैसे पहुंचा। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान नमकीन के पैकेट पर दर्ज बैच नंबर, निर्माण तिथि और उत्पादन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। जरूरत पड़ने पर नमकीन के नमूने लेकर उन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भी भेजा जा सकता है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कथित तौर पर नमकीन में मिला चूहा निर्माण या पैकेजिंग प्रक्रिया के दौरान पहुंचा या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।
यें भी पढ़ें : Sohail Khan को हुई ये गंभीर बीमारी, अचानक घटते वजन पर एक्टर ने बताया असली कारण
खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर हो सकती है कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि अगर जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित पक्ष के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है। इसलिए वायरल वीडियो में किए जा रहे दावे की अंतिम पुष्टि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही हो सकेगी।

