आज सुबह महाकाल की शरण में पहुंचे मीका सिंह , बाबा की भक्ति में डूबे दिखे सिंगर
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 01:34 PM (IST)
नारी डेस्क: बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक मीका सिंह इन दिनों खबरों में बने हुए हैं। इस बार वह अपने नए गाने नहीं बल्कि अपनी भक्ति को लेकर चर्चा में चल रहे हैं। हाल ही में सिंगर उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां वे सुबह होने वाली भस्म आरती में शामिल हुए। इस दौरान वह बाबा की भक्ति में डूबे नजर आए। उन्होंने कहा- महाकाल के दर्शन से मन को एक अद्भुत शांति और ऊर्जा मिलती है।

बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आए मीका सिंह ने चांदी द्वार से पूजन-अर्चन किया और नंदी हॉल में बैठकर लगभग डेढ़ घंटे तक भक्ति भाव में भस्म आरती का अनुभव किया।श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के सहायक प्रशासक श्री मूलचंद जूनवाल ने मीका सिंह का भव्य स्वागत किया। वह इंदौर में एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद सीधे उज्जैन पहुंचे और भस्म आरती में शामिल हुए। दर्शन करने के बाद उन्होंने कहा कि ये अपने आप में ही एक ऐसा अनुभव है जिसे शब्दों में कहना मुश्किल है। उन्होंने धार्मिक नगरी उज्जैन की आध्यात्मिक आभा की भी तारीफ की।

समिति के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने मीका सिंह को भगवान महाकाल का प्रतीक स्वरूप प्रसाद, दुपट्टा और स्मृति चिन्ह भेंट किया। सिंगर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि- वह बाबा महाकाल के अनन्य भक्त हैं और जब भी मौका मिलता है, वह महाकाल का आशीर्वाद लेने दौड़कर आते हैं। उन्होंने कहा- भस्म आरती का अनुभव अद्भुत और दिव्य है। इसमें एक अलग ही पॉजिटिव एनर्जी महसूस होती है, जिसे मैं हर बार महसूस करता हूं।

