बालों का झड़ना रोकने के लिए घर पर इन चीजों से बनाएं हेयर मास्क
punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 03:32 PM (IST)
नारी डेस्क : आजकल बालों का झड़ना एक आम समस्या बन गई है। तनाव, गलत खानपान, प्रदूषण और केमिकल युक्त हेयर प्रोडक्ट्स के कारण कम उम्र में भी लोग हेयर फॉल की समस्या से जूझ रहे हैं। इसके अलावा, बार-बार स्ट्रेटनर, कर्लर और ब्लो ड्रायर जैसे हीटिंग टूल्स का इस्तेमाल भी बालों को कमजोर बना सकता है। ऐसे में बाजार के महंगे प्रोडक्ट्स की बजाय कुछ घरेलू उपाय बालों को प्राकृतिक रूप से मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं। अगर आप भी बालों के झड़ने से परेशान हैं, तो घर पर तैयार किया गया यह प्राकृतिक हेयर मास्क आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। यह न सिर्फ हेयर फॉल कम करने में मदद करेगा, बल्कि बालों को चमकदार और मुलायम भी बनाएगा।
बालों का झड़ना रोकने के लिए बनाएं यह हेयर मास्क
इस हेयर मास्क को बनाने के लिए आपको चाहिए
2 बड़े चम्मच मेथी दाना
3 बड़े चम्मच दही
2 बड़े चम्मच एलोवेरा जेल।

कैसे बनाएं हेयर मास्क?
सबसे पहले मेथी के दानों को रातभर पानी में भिगोकर रख दें। अगली सुबह इन्हें पीसकर एक स्मूद पेस्ट तैयार कर लें। अब इस पेस्ट में दही और एलोवेरा जेल मिलाएं। अच्छी तरह मिक्स करने के बाद आपका प्राकृतिक हेयर मास्क तैयार है।
कैसे लगाएं हेयर मास्क?
इस हेयर मास्क को बालों की जड़ों से लेकर सिरों तक अच्छी तरह लगाएं। इसे 30 से 40 मिनट तक बालों पर लगा रहने दें और फिर माइल्ड शैंपू से धो लें।बेहतर परिणाम के लिए इस हेयर मास्क का इस्तेमाल हफ्ते में 1 से 2 बार किया जा सकता है।
यें भी पढ़ें : हर समय रहती है सुस्ती और कमजोरी, हो सकता है इस Vitamin की कमी!
मेथी बालों के लिए क्यों फायदेमंद है?
मेथी में प्रोटीन, आयरन और निकोटिनिक एसिड जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो बालों की जड़ों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। यह बालों का टूटना कम करने और उनकी ग्रोथ को बढ़ावा देने में भी सहायक हो सकती है।

दही के फायदे
दही स्कैल्प को गहराई से मॉइस्चराइज करती है और रूसी की समस्या को कम करने में मदद कर सकती है। इसके अलावा, यह बालों को मुलायम और चमकदार बनाने में भी फायदेमंद मानी जाती है।
एलोवेरा का असर
एलोवेरा स्कैल्प को ठंडक पहुंचाने के साथ उसे स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है। इसके एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण स्कैल्प की जलन को कम कर सकते हैं और बालों के झड़ने की समस्या में राहत दिला सकते हैं।
यें भी पढ़ें : प्रसाद नहीं, यहां भगवान को चढ़ाई जाती हैं घड़ियां! जानें इस अनोखी परंपरा का रहस्य
इन बातों का भी रखें ध्यान
संतुलित और पोषक आहार लें।
पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
तनाव को कम करने की कोशिश करें।
बालों पर ज्यादा हीटिंग टूल्स का इस्तेमाल न करें।
केमिकल युक्त हेयर प्रोडक्ट्स का सीमित उपयोग करें।

प्राकृतिक उपाय धीरे-धीरे असर दिखाते हैं, इसलिए नियमित रूप से इनका इस्तेमाल करना जरूरी है। अगर बालों का झड़ना बहुत ज्यादा हो रहा है, तो किसी त्वचा विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।

