नॉनवेज खाने के शोकीन है? तो एक बार यह खबर पढ़ लीजिए, दूर से ही करेंगे तौबा
punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 11:57 AM (IST)
नारी डेस्क: नॉनवेज फूड्स का ज्यादा सेवन सेहत के लिए हमेशा फायदेमंद नहीं होता। सीमित मात्रा में नॉनवेज प्रोटीन, आयरन और विटामिन B12 का अच्छा स्रोत है, लेकिन इसकी अधिकता गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है। खासकर रेड मीट और प्रोसेस्ड मीट को स्वास्थ्य विशेषज्ञ सबसे ज्यादा नुकसानदायक मानते हैं।
दिल और कोलेस्ट्रॉल पर असर
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और अन्य रिसर्च के अनुसार, ज्यादा रेड मीट और प्रोसेस्ड मीट खाने से कोलेस्ट्रॉल लेवल बढ़ सकता है , जिससे दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ता है।नॉनवेज में मौजूद सैचुरेटेड फैट धमनियों में ब्लॉकेज पैदा कर सकता है, जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी गंभीर परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है।

डायबिटीज और मोटापे का खतरा
नियमित रूप से तला-भुना या फैट वाला नॉनवेज खाने से वजन तेजी से बढ़ सकता है, जिससे मोटापा और टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ जाता है। प्रोसेस्ड मीट का अधिक सेवन इंसुलिन रेजिस्टेंस को भी बढ़ा सकता है, जो डायबिटीज की शुरुआत का संकेत है। मोटापा खुद कई बीमारियों जैसे हाई ब्लड प्रेशर और जोड़ों की समस्याओं की जड़ बन सकता है।
ये भी पढ़ें: Research का दावा: रात में ट्रैफिक का शोर बढ़ा सकता है कोलेस्ट्रॉल
कैंसर का जोखिम
US नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इन्फॉर्मेशन की रिपोर्ट के अनुसार, रेड मीट और प्रोसेस्ड मीट का अधिक सेवन कई प्रकार के कैंसर से जुड़ा है, खासकर कोलोरेक्टल कैंसर। जब मीट को बहुत अधिक तापमान पर पकाया जाता है, तो उसमें हानिकारक रसायन बन सकते हैं, जो शरीर में कैंसर कोशिकाओं के विकास को बढ़ावा दे सकते हैं।

फूड पॉइजनिंग और संक्रमण
अधपका या संक्रमित मांस खाने से साल्मोनेला, ई.कोलाई जैसे बैक्टीरिया शरीर में प्रवेश कर सकते हैं। इसके परिणामस्वरूप उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार जैसी समस्या हो सकती है। कमजोर इम्यूनिटी वाले लोग, बच्चे और बुजुर्ग इस संक्रमण के ज्यादा शिकार हो सकते हैं।

अन्य स्वास्थ्य समस्याएं
ज्यादा पोल्ट्री मीट खाने से गैस्ट्रो-एसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज, गैस्ट्राइटिस और गॉलब्लैडर डिजीज का खतरा बढ़ सकता है। लगातार ज्यादा नॉनवेज खाने से शरीर में सूजन और मेटाबोलिक समस्याएं भी हो सकती हैं।
विशेषज्ञों की सलाह
नॉनवेज का सेवन सीमित मात्रा में और संतुलित डाइट का हिस्सा बनाकर करें। हमेशा मीट को साफ-सुथरे और सही तापमान पर पकाएं, ताकि फूड पॉइजनिंग का खतरा कम हो। अगर आप कमजोर इम्यूनिटी वाले हैं या किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं, तो नॉनवेज को पूरी तरह बचाना बेहतर है। नॉनवेज से मिलने वाले प्रोटीन और विटामिन जरूर लाभदायक हैं, लेकिन इसकी अधिकता आपके लिए कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है। इसलिए संतुलित और नियंत्रित मात्रा में नॉनवेज का सेवन करना ही सुरक्षित है।

