इन 5 तरीकों से पुदीना करें इस्तेमाल, दूर होंगी स्किन प्रॉब्लम्स

punjabkesari.in Monday, Jul 26, 2021 - 02:04 PM (IST)

पुदीना सेहत को दुरुस्त रखने में मददगार माना जाता है। इसमें विटामिन ए, सी, आयरन, मैगनीज, कॉपर, एंटी-ऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं। ऐसे में इसका सेवन करने से शरीर में ठंडक का अहसास होने के साथ इम्यूनिटी बढ़ने में मदद मिलती है। मगर क्या आप जानते हैं पुदीना सेहत की तरह त्वचा और बालों के लिए भी बेहद फायदेमंद होता है? जी हां, पुदीना पत्ती को अपनी डेली स्किन केयर में आसानी से इस्तेमाल कर सकती है। चलिए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...

- पुदीना की चाय 

इसके लिए पुदीना की कुछ पत्तियों को पानी में 5 मिनट तक उबालें। उसके बाद इसे छानकर हल्का ठंडा करके पीएं। इसके सेवन से पाचन तंत्र मजबूत होगा। शरीर में जमा गंदगी साफ होकर वजन कंट्रोल रहता है। इसके साथ पिंपल्स की समस्या दूर होकर चेहरा साफ व ग्लोइंग नजर आता है। 

- पुदीना की पत्तियाें से बनाएं कंडीशनर 

पुदीना एक तरह की जड़ी-बूटी है। यह सेहत को दुरुस्त रखने के साथ बालों को मुलायम व शाइनी बनाने में मदद करती है। आप इसे कंडीशनर की तरह यूज कर सकती है। इसके लिए पुदीना की 10-12 पत्तियों 1 कप पानी में उबालें। अब इसमें 1 बड़ा चम्मच सिरका मिलाएं। तैयार मिश्रण को शैंपू के बाद बालों पर कंडीशनर की तरह लगाएं। इससे बालों का उलझना बंद होकर बाल मुलायम व शाइनी होंगे। 

- फेसपैक में मिलाएं

पुदीना शरीर और त्वचा को ठंडक पहुंचाता है। इसलिए आप इसे फेसपैक में मिलाकर लगा सकती है। इसके लिए आप पुदीना की पत्तियों को मिक्सी में पीस कर पेस्ट बना लें। फिर मुल्तानी मिट्टी, चंदनन पाउडर आदि किसी भी फेसपैक में इसे मिलाकर इस्तेमाल करें। इसके अलावा आप पुदीना पेस्ट को सीधे भी चेहरे पर लगा सकती है। इससे चेहरे पर पड़े  दाग-धब्बे, काले घेरे, पिंपल्स आदि स्किन संबंधी समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। साथ ही इसमें मौजूद कूलिंग एजेंट स्किन को ठंडक पहुंचाने में मदद करेंगे।  

- पुदीना से बनाएं माउथवॉश 

एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-वायरल गुणों से भरपूर पुदीना ओरल हैल्थ को दुरुस्त रखने में भी फायदेमंद होता है। आप इससे माउथवॉश बनाकर यूज कर सकती है। इससे मुंह की बदबू, मसूड़ों में होने वाली सूजन, जलन व सड़न से राहत मिलेगी। साथ ही यह मुंह में बैक्टीरिया और कीटाणुओं को पनपने से रोकेगा। इसके लिए पैन में 1 कप पानी, 10-12 पुदीना की पत्तियां, 1 छोटा चम्मच लेमन बाम, 4-5 तुलसी की पत्तियां और 1 छोटा चम्मच अजवाइन डालें। अब इसे करीब 5-7 मिनट तक उबालें। बाद में इसे छान कर माउथवॉश की तरह इस्तेमाल करें। आप पुदीना की पत्तियों को पीस कर चबा भी सकती है। इससे भी मुंह की बदबू व अन्य समस्या से छुटकारा मिलता है।

- पुदीना पानी से नहाएं 

आप पुदीना पत्तियों को पानी में मिलाकर इससे नहा भी सकती है। इससे शरीर को ठंडक मिलने के साथ इंफेक्शन होने का खतरा कम रहेगा। इसके साथ ही सुस्ती, तनाव कम होकर दिनभर शरीर में ताजगी महसूस होगी। इसके लिए पैन में पानी व कुछ पुदीने की पत्तियां डालकर उबालें। तैयार मिश्रण को ताजे पानी में मिलाकर नहाए। 

- सनबर्न से दिलाए राहत

गर्मियों में सनबर्न होना आम बात है। इससे बचने के लिए आप पुदीना पत्तियों को यूज कर सकती है। इसके लिए पुदीना पत्तियों को पानी में मिलाकर उबालें। इसके बाद तैयार चाय को फ्रिज में रखकर ठंडा कर लें। बाद में इस चाय में कॉटन डुबोकर प्रभावित जगह पर लगाएं। कुछ दिन लगातार इसे लगाने से सनबर्न की समस्या दूर होगी। शरीर को ठंडक का अहसास होने के साथ अन्य स्किन संबंधी समस्याओं से बचाव रहेगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

neetu

Recommended News

Related News

static