सावधान... Fruit खाने के हैं भी कुछ नियम,जानें किस बीमारी में खाएं कौन सा फल
punjabkesari.in Monday, Feb 03, 2025 - 06:54 PM (IST)
नारी डेस्क: स्वास्थ्य और सेहत के लिहाज से फलों का हमारे जीवन में बहुत अधिक महत्व है। जब कोई बीमार होता है तो उसे फल का सेवन करने की ही सलाह दी जाती है। कई रिसर्च में भी यह बात कही गई है कि फलों के रोजाना के सेवन से कई बीमारियों का जोखिम कम हो जाता है। लेकिन क्या आप ये जानते हैं कि कौन से फल को, कब खाया जाना चाहिए, अगर नहीं तो आज हम आपको इसके बारे में विस्तार से बताते हैं।
डायबिटीज (मधुमेह) के मरीजों लिए फल
डायबिटीज के मरीजों के लिए पपीता सबसे अच्छे फलों में से एक माना जाता है। ऐसे में सेब फाइबर से भरपूर सेब ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में मदद करता है। इसके अलावा नाशपाती और जामुन भी शुगर लेवल नहीं बढ़ाने देते। पाचन को सुधारने में अमरूद पर भरोसा किया जा सकता है। हालांकि केला, अंगूर, आम, अनानास और चीकू से बचना चाहिए क्योंकि इनमें शुगर की मात्रा बेहद अधिक होती है जो डायबिटीज के मरीजों के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।
हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों लिए फल
हाई ब्लड प्रेशर के मरीज़ों को खट्टे फल, केले, जामुन, अनार, आलूबुखारा, और खरबूज़ा जैसे फल खाने चाहिए. ये फल विटामिन और मिनरल्स से भरपूर होते हैं। इसके अलावा कीवी भी ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने में मदद करती है। ऐसे मरीजों को नमक लगे हुए फल और डिब्बाबंद जूस से दूर ही रहना चाहिए।
कब्ज और पाचन संबंधी समस्याओं के लिए फल
फाइबर से भरपूर केले का उपयोग लंबे समय से कब्ज के घरेलू उपचार के रूप में किया जाता रहा है। अमरूद भी पेट को साफ रखने में मदद करता है। वहीं हाई फाइबर और विटामिन C से भरपूर संतरा मल त्याग को आसान बनाता है। बस ध्यान रखें कि कच्चा केला और बिना पके अमरूद को अपनी डाइट में शामिल ना करें।।
कमजोरी और थकान के लिए फल
ग्लूकोज और विटामिन से भरपूर आम जहां शरीर को ताकत देता है तो वहीं केला इंस्टेंट एनर्जी देता है और थकान दूर करता है। हां अगर आपको डायबिटीज है तो इन फलों को खाने से बचें। इसके अलावा अंगूर और अनार भी शरीर को भरपूर एनर्जी देने का काम करते हैं। वहीं शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए नारियल पानी पर भी भरोसा किया जा सकता है।
एनीमिया (खून की कमी) के लिए फल
आयरन और फोलेट से भरपूर अनार खून बढ़ाता है। सेब का नियमित सेवन खून में हीमोग्लोबिन के स्तर को बढ़ाने में मदद कर सकता है. इसे कच्चा खाया जा सकता है या जूस बनाकर पिया जा सकता है। इसके अलावा अंगूर में आयरन और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो खून को हेल्दी रखने में सहायक होते हैं. इसके सेवन से ब्लड प्रेशर कंट्रोल रहता है और खून की कमी से राहत मिलती है। हेल्थ एक्सपर्ट की मानें तो चुकंदर फल नहीं, बल्कि एक सब्जी है, लेकिन खून बढ़ाने में इसे बेहद कारगर माना जाता है.