शरीर में होते हैं दो दिल, एक कमजोर हुआ तो दूसरा भी हो जाएगा बीमार
punjabkesari.in Monday, Sep 01, 2025 - 04:18 PM (IST)

नारी डेस्क : हम सभी जानते हैं कि दिल (हार्ट) हमारे शरीर की धड़कन और रक्त संचार के लिए सबसे महत्वपूर्ण अंग है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपके शरीर में एक और दूसरा हार्ट भी होता है? यह दिल की तरह काम नहीं करता, लेकिन आपके स्वास्थ्य के लिए उतना ही महत्वपूर्ण है। इसे काफ मसल्स (Calf Muscles) कहा जाता है, यानी आपकी पिंडलियों की मांसपेशियां।
काफ मसल्स क्यों हैं दूसरा हार्ट?
जब आपका मुख्य दिल रक्त को शरीर में पंप करता है, तो पिंडलियों की मांसपेशियां भी रक्त को ऊपर की ओर, दिल की तरफ लौटाने में मदद करती हैं। अगर काफ मसल्स कमजोर हों, तो रक्त का प्रवाह धीमा हो जाता है, जिससे पैरों में सूजन, ब्लड प्रेशर की समस्या और दिल पर अतिरिक्त दबाव बढ़ सकता है। लंबे समय तक यह हार्ट फेलियर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ा सकता है। मशहूर कार्डियोलॉजिस्ट बताते हैं कि पिंडलियों की मांसपेशियों की ताकत बनाए रखना दिल और पूरे शरीर के लिए बहुत जरूरी है। अगर ये मसल्स मजबूत हों, तो रक्त संचार सही रहता है और ब्लड क्लॉट बनने का खतरा कम होता है। काफ मसल्स को मजबूत करने के कुछ आसान तरीके।
1. खड़े होकर कैफ रेज (Standing Calf Raise)
खड़े होकर कैफ रेज करने के लिए किसी स्टेप या ब्लॉक के पास खड़े हो जाएं। अपने पैरों के आगे के हिस्से को ब्लॉक के किनारे पर टिकाएं और धीरे-धीरे एड़ियों को जितना ऊंचा हो सके उठाएं, पिंडलियों को कसें। फिर धीरे-धीरे एड़ियों को नीचे लाकर वापस प्रारंभिक स्थिति में लौटें। इसे नियमित रूप से करने से पिंडलियों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं और रक्त संचार बेहतर होता है।
2. बैठकर कैफ रेज/सोलियस पुशअप्स (Seated Calf Raise)
बैठकर कैफ रेज करने के लिए आराम से बैठ जाएं और दोनों पैरों के अगले हिस्से को जमीन पर टिकाएं। फिर एड़ियों को धीरे-धीरे ऊपर उठाएं, कुछ सेकंड के लिए रोकें और फिर धीरे-धीरे नीचे लाकर प्रारंभिक स्थिति में लौटें। इसे नियमित रूप से करने से पिंडलियों की मांसपेशियां मजबूत रहती हैं और रक्त का प्रवाह सही बना रहता है, जिससे दिल पर दबाव भी कम होता है।
रोजमर्रा की आदतें जो पिंडलियों को मजबूत बनाती हैं
पिंडलियों को मजबूत बनाने के लिए रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतें बहुत प्रभावी होती हैं। रोज थोड़ा-थोड़ा चलना, ऑफिस में बैठे-बैठे एड़ी उठाना, सीढ़ियां चढ़ना और छोटे-छोटे व्यायाम करना इसके आसान तरीके हैं। आप डेस्क पर बैठकर भी कैफ रेज कर सकते हैं। इन आदतों को नियमित रूप से अपनाने से न केवल रक्त संचार बेहतर होता है, बल्कि दिल पर दबाव कम रहता है और गंभीर बीमारियों से भी बचाव संभव होता है।
आपका मुख्य दिल और काफ मसल्स एक-दूसरे के पूरक हैं। अगर एक कमजोर होता है, तो दूसरा भी प्रभावित हो सकता है। इसलिए दिल को स्वस्थ रखने के लिए सिर्फ कार्डियो एक्सरसाइज ही नहीं, बल्कि पिंडलियों की मांसपेशियों को मजबूत करना भी उतना ही जरूरी है। रोजाना थोड़ा चलना-फिरना, सरल एक्सरसाइज और कैफ रेज को अपनी दिनचर्या में शामिल करें और अपने दोनों हार्ट को स्वस्थ रखें।