कौन सा मिलेट्स कब खाएं? किस समय खाने से मिलते हैं शरीर को सबसे ज्यादा फायदे

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 03:36 PM (IST)

नारी डेस्क:  मिलेट्स यानी मोटे अनाज जैसे ज्वार, बाजरा और रागी आजकल हेल्दी डाइट का अहम हिस्सा बनते जा रहे हैं। ये गेहूं और चावल की तरह ही अनाज होते हैं, लेकिन इनमें विटामिन, मिनरल्स, फाइबर, आयरन और प्रोटीन जैसे कई जरूरी पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। खास बात यह है कि मिलेट्स ग्लूटेन-फ्री होते हैं, जिससे ये डायबिटीज कंट्रोल करने, वजन घटाने और दिल को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।

क्यों फायदेमंद हैं मिलेट्स?

मिलेट्स को सुपरफूड माना जाता है क्योंकि ये शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं। इन्हें खाने से शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा मिलती है और पेट भी भरा रहता है। इससे ओवरईटिंग कम होती है और वजन कंट्रोल में रहता है। इसके अलावा, ये ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद करते हैं और पाचन तंत्र को भी मजबूत बनाते हैं। इसलिए एक्सपर्ट्स भी रोजाना की डाइट में इन्हें शामिल करने की सलाह देते हैं।

PunjabKesari

नाश्ते में क्या खाएं?

सुबह के नाश्ते के लिए रागी (जिसे कई जगह बाजरा भी कहा जाता है) सबसे अच्छा विकल्प माना जाता है। इसमें कैल्शियम, आयरन और फाइबर भरपूर होता है। रागी खाने से शरीर को दिनभर के लिए ऊर्जा मिलती है और पेट लंबे समय तक भरा रहता है। अगर आप वजन कम करना चाहते हैं, तो यह आपके लिए और भी फायदेमंद है।

लंच में कौन सा मिलेट्स लें?

दोपहर के खाने के लिए बाजरा एक बेहतरीन विकल्प है। यह ग्लूटेन-फ्री होता है और इसमें प्रोटीन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट अच्छी मात्रा में होते हैं। बाजरे से बनी रोटी या खिचड़ी लंच में खाने से भूख कंट्रोल रहती है और ब्लड शुगर भी संतुलित रहता है। इससे वजन बढ़ने का खतरा भी कम होता है।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें:  जांघों में खुजली क्यों होती है? शरीर में इस विटामिन की कमी हो सकती है वजह

डिनर में क्या खाएं?

रात के खाने के लिए कंगनी (Foxtail Millet) सबसे अच्छा माना जाता है। इसमें कॉम्प्लेक्स फाइबर होता है, जो आसानी से पच जाता है। डिनर में कंगनी से बनी खिचड़ी, पुलाव या उपमा खाने से पेट हल्का रहता है और नींद भी अच्छी आती है।

PunjabKesari

मिलेट्स को डाइट में कैसे शामिल करें?

मिलेट्स को आप कई तरह से अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। इनकी रोटी बनाकर खा सकते हैं, जो पेट भरने के साथ वजन कंट्रोल में मदद करती है। इसके अलावा मिलेट्स की खिचड़ी, पुलाव, इडली और उपमा जैसे स्वादिष्ट और हेल्दी विकल्प भी मौजूद हैं। आप चाहें तो मिलेट्स से डेजर्ट भी बना सकते हैं, जैसे रागी के लड्डू या कुकीज़। मिलेट्स का सूप बनाकर पीना भी एक अच्छा विकल्प है, जिसमें आप सब्जियां मिलाकर इसे और ज्यादा पौष्टिक बना सकते हैं।

ध्यान रखने वाली बातें

मिलेट्स फायदेमंद जरूर हैं, लेकिन इन्हें सीमित मात्रा में खाना जरूरी है। ज्यादा मात्रा में खाने से पाचन से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। अगर आप किसी बीमारी से जूझ रहे हैं, तो डाइट में मिलेट्स शामिल करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static