'बस आज की रात है ज़िंदगी…' केतन अग्रवाल का आखिरी डांस Video हुआ Viral

punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 04:47 PM (IST)

 नारी डेस्क: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों को भावुक कर दिया है। यह वीडियो केतन की हत्या से करीब एक महीने पहले का बताया जा रहा है, जब दोनों परिवार शादी की खुशियों में डूबे हुए थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि जिस समारोह में जश्न मनाया जा रहा है, वही परिवार कुछ ही दिनों बाद गहरे सदमे में डूब जाएगा।

शादी की खुशियों के बीच गूंजा था एक यादगार गीत

वायरल वीडियो में केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल और उनकी मंगेतर सिया गोयल के माता-पिता अपने रिश्तेदारों के साथ एक पारिवारिक समारोह में नजर आ रहे हैं। इस दौरान बॉलीवुड का मशहूर गीत "यम्मा यम्मा... बस आज की रात है ज़िंदगी, कल हम कहां होंगे कौन जाने" बज रहा है और सभी लोग खुशी-खुशी झूमते दिखाई दे रहे हैं। आज जब यह वीडियो सामने आया है, तो गीत के बोल लोगों को भावुक कर रहे हैं। जिस खुशी के साथ यह पल मनाया गया था, वह कुछ ही समय बाद एक दर्दनाक हादसे की याद बनकर रह गया।

केतन भी परिवार के साथ डांस करते आए नजर

वीडियो में कुछ देर बाद केतन अग्रवाल भी नजर आते हैं। वह अपनी मंगेतर सिया के पिता प्रवीण गोयल के साथ फिल्म 'गदर' के लोकप्रिय गीत "मैं निकला गड्डी लेके" पर डांस करते दिखाई देते हैं। पूरे समारोह में दोनों परिवारों के चेहरे पर मुस्कान और आने वाली शादी की खुशी साफ दिखाई देती है।

कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाली सिंगर ने साझा किया वीडियो

इस समारोह में प्रस्तुति देने वाली गायिका रीतू शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो वीडियो साझा किए हैं। वीडियो के साथ उन्होंने एक भावुक संदेश भी लिखा। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम 7 मई को हुआ था और उस दिन दोनों परिवार बेहद खुश थे। उन्होंने लिखा कि उन्होंने केतन को अपनी आंखों से देखा था और वह बेहद सरल और मासूम स्वभाव का युवक था। उन्हें कभी नहीं लगा था कि इतनी जल्दी उसके साथ इतना दर्दनाक हादसा हो जाएगा।

ये भी पढ़ें:  'वो मेरी पत्नी है यार…' गौरव खन्ना का सामने आया पहला रिएक्शन, कही दिल छू लेने वाली बात

सिंगर ने उठाए कई सवाल

रीतू शर्मा ने अपने पोस्ट में इस मामले को लेकर दुख जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने लिखा कि अगर किसी से रिश्ता पसंद नहीं था, तो इसका मतलब यह नहीं कि उसकी जान ले ली जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सिया अपने प्रेमी के साथ चली जाती, तो शायद उसके परिवार को सामाजिक आलोचना का सामना करना पड़ता, लेकिन क्या उसने कभी यह सोचा कि केतन के माता-पिता पर क्या बीतेगी, जिन्होंने अपने बेटे को हमेशा के लिए खो दिया। पुलिस जांच के अनुसार, 18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले के पास केतन अग्रवाल की मौत हुई थी। जांच में आरोप है कि उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने उन्हें किले की एक चट्टान से धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। फिलहाल इस मामले में सिया गोयल और चेतन चौधरी पुलिस हिरासत में हैं। दोनों से लगातार पूछताछ की जा रही है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

जांच जारी, परिवार को इंसाफ का इंतजार

केतन अग्रवाल की मौत ने दोनों परिवारों की जिंदगी पूरी तरह बदल दी है। सोशल मीडिया पर सामने आया यह वीडियो लोगों को उस खुशी की याद दिला रहा है, जो कुछ ही दिनों बाद गहरे शोक में बदल गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार को न्याय मिलने का इंतजार है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
  
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static