कौन थे करूर भगदड़ में मारे गए 39 लोग? सामने आई डिटेल, एक की पत्नी है 9 महीने की गर्भवती
punjabkesari.in Sunday, Sep 28, 2025 - 02:25 PM (IST)

नारी डेस्क: तमिलनाडु के करूर जिले में हाल ही में हुई भगदड़ की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। एक राजनीतिक रैली के दौरान मची अफरातफरी में 39 मासूम लोगों की जान चली गई। हर एक चेहरा अब सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि पीछे छूटे परिवार, सपने और अधूरी कहानियों की दर्दनाक याद है। इन मृतकों में से एक व्यक्ति की पत्नी 9 महीने की गर्भवती है। वो शख्स इस उम्मीद के साथ रैली में गया था कि शायद आने वाले वक्त में कुछ बेहतर होगा, लेकिन अब उसके घर आने वाली एक नई ज़िंदगी अपने पिता को कभी देख नहीं पाएगी। कुछ लोग सिर्फ रोटी कमाने निकले थे, कुछ अपने नेताओं को देखने की उत्सुकता में पहुंचे थे लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह भीड़ उनके लिए आखिरी साबित होगी।
10 बच्चों और 16 महिलाओं की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों में 10 बच्चे और 16 महिलाएं शामिल हैं। ये आंकड़े दिखाते हैं कि भगदड़ कितनी भयावह थी। अब तक 38 शवों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा भी जा चुका है। 39 मृतकों में से 28 लोग करूर जिले के ही निवासी थे। इसके अलावा, एक ही गांव के 7 लोगों की भी मौत हुई है। इस वजह से पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है। जिन परिवारों ने एक साथ कई सदस्य खो दिए, वहां मातम का माहौल और भी भारी है।
#WATCH | करूर, तमिलनाडु: वीडियो सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल से है, जहां करूर भगदड़ की घटना के पीड़ितों के शव पोस्टमॉर्टम के बाद उनके परिजनों को सौंपे जा रहे हैं।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 28, 2025
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के अनुसार, कल TVK प्रमुख और अभिनेता विजय की रैली के दौरान हुई भगदड़ की घटना में अब तक 39… pic.twitter.com/WMMxf1KVFL
गर्भवती पत्नी का सहारा छिन गया
तिरुचिरापल्ली जिले के थामरैक्कन्नन ने भी इस भगदड़ में अपनी जान गंवा दी। उनकी शादी को सिर्फ एक साल हुआ था और पत्नी 9 महीने की गर्भवती है। परिवार के इस हालात ने लोगों की आंखें नम कर दी हैं।
मां और दो बेटियों की मौत
करूर के विश्वनाथपुरी इलाके की हेमलता और उनकी दो बेटियां भी इस भगदड़ का शिकार हो गईं। एक ही परिवार की तीन मौतों ने रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को झकझोर दिया है।
घायलों का इलाज जारी
डिंडीगुल जिला कलेक्टर एस. सरवनन और स्वास्थ्य सचिव पी. सेंथिल कुमार ने घायलों की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुल 67 लोग घायल हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बनी हुई है। इनमें से एक को मदुरै रेफर कर दिया गया है, जबकि बाकी की हालत स्थिर है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही कई घायलों को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
#WATCH | करूर, तमिलनाडु: उपमुख्यमंत्री और DMK नेता उदयनिधि स्टालिन करूर में हुई भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के शवगृह पहुंचे।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 28, 2025
कल TVK प्रमुख और अभिनेता विजय की रैली के दौरान हुई भगदड़ की घटना में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है। pic.twitter.com/rhc1hdM7eE
यह हादसा सिर्फ एक राजनीतिक रैली में हुई भीड़ का परिणाम नहीं था, बल्कि यह सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक भी साबित हुआ। मृतकों की कहानियां और उनका दर्द पूरे राज्य के लोगों को हिला रहा है।