खून से मांग भरूंगा’, कनिका मान के EX-बॉयफ्रेंड की खौफनाक हरकत, बिग बॉस 20 में सुनाई आपबीती
punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 09:56 AM (IST)
नारी डेस्क: टीवी एक्ट्रेस कनिका मान इन दिनों रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में नजर आ रही हैं। शो के एक एपिसोड में उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़ा ऐसा किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर घर के बाकी कंटेस्टेंट्स भी हैरान रह गए। कनिका ने अपने पहले बॉयफ्रेंड के साथ रिश्ते का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे प्यार का यह रिश्ता धीरे-धीरे उनके लिए डर और परेशानी की वजह बन गया था। उनके मुताबिक, एक्स-बॉयफ्रेंड उन पर नजर रखता था, कॉलेज में सबके सामने थप्पड़ मारता था और एक बार चाकू लेकर उनके सामने पहुंच गया था। एक्ट्रेस ने बताया कि उस रिश्ते में उन्हें अपनी जान तक का डर सताने लगा था।
फेसबुक पर हुई थी पहली मुलाकात
कनिका ने बताया कि कॉलेज के पहले साल में उनका पहला बॉयफ्रेंड बना था। वह ऐसे परिवार से आती हैं, जहां लड़कियों को ज्यादा आजादी नहीं मिलती थी। जब वह कॉलेज पहुंचीं और दूसरी लड़कियों को अपने बॉयफ्रेंड से देर रात तक फोन पर बात करते देखा, तो उनके मन में भी रिश्ता बनाने की इच्छा हुई। इसी दौरान उन्होंने फेसबुक पर अपना अकाउंट बनाया। कनिका के मुताबिक, फेसबुक पर जिस पहले लड़के ने उन्हें थोड़ा ध्यान दिया, उन्होंने उसी को अपना बॉयफ्रेंड बना लिया। शुरुआत में उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि आगे चलकर यही रिश्ता उनके लिए इतनी बड़ी परेशानी बन जाएगा।
Kanika telling story of her toxic boyfriend who used to beat her , Abuse her , and torture her mentally 😢 I'm glad she at the end she sent her at the spot where that boy deserved 🙌❤️ #BiggBoss20 #KanikaMann https://t.co/NPPxYJCkzR
— ᴛᴇᴀᴍ〄𝙷𝚄𝙽𝚃𝙴𝚁 (@TeamHunter24_) October 30, 2026
कॉलेज में सबके सामने मारता था थप्पड़
कनिका ने बताया कि उनका एक्स-बॉयफ्रेंड उनके हर कदम पर नजर रखता था। वह बिना बताए उनके क्लासरूम तक पहुंच जाता था और छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा करने लगता था। एक्ट्रेस ने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक बार उन्होंने सिंगल स्ट्रैप वाली ड्रेस पहनी थी। इसी बात पर उनके बॉयफ्रेंड ने कॉलेज में सबके सामने उन्हें थप्पड़ मार दिया। उस समय कनिका ने हाल ही में कान की पियर्सिंग करवाई थी। थप्पड़ लगने से उनके कान से खून निकलने लगा। हैरानी की बात यह थी कि वहां कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव नहीं किया। कनिका ने यह भी बताया कि उनका एक्स अक्सर उनके पिता को फोन करने की धमकी देता था। एक बार उसने उनके पिता को फोन भी किया, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाया। कनिका का कहना था कि अगर उस दिन उनके पिता फोन उठा लेते, तो शायद उन्हें इस परेशानी से पहले ही बाहर निकलने का मौका मिल जाता।
किसी भी लड़की के लिए प्यार के नाम पर हिंसा और डर सहना बिल्कुल भी सही नहीं है। बिग बॉस 20 में कनिका मान ने अपने एक्स-बॉयफ्रेंड की ऐसी खौफनाक हरकतों का खुलासा किया, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। चाकू निकालने से लेकर खून से मांग भरने की धमकी तक... #KanikaMann #BiggBoss20 https://t.co/vFblVOxWvE
— Nari (@NariKesari) October 31, 2026
चाकू लेकर पहुंचा एक्स-बॉयफ्रेंड, खुद को किया घायल
कनिका ने उस घटना के बारे में भी बताया, जिसने उन्हें यह रिश्ता हमेशा के लिए खत्म करने का फैसला लेने पर मजबूर कर दिया। उनके मुताबिक, उनका एक्स-बॉयफ्रेंड हॉस्टल से लेकर उनके डिपार्टमेंट तक उनका पीछा करते हुए पहुंच गया था। जब कनिका बिल्डिंग के अंदर जाने लगीं, तो उसने अचानक उनका हाथ खींच लिया। उस समय ठंड का मौसम था और उसने हुडी पहन रखी थी। इसके बाद उसने अपनी जेब से चाकू निकाल लिया। कनिका ने बताया कि उसने उनके बाल पकड़ लिए और अपने ही हाथ पर तीन-चार गहरे कट लगा लिए। इसके बाद वह चिल्लाने लगा कि वह अपने खून से भरे हाथों से कनिका की मांग में सिंदूर भरेगा। यह सब देखकर एक्ट्रेस बुरी तरह डर गई थीं। उन्हें समझ आ गया था कि अब चुप रहना उनके लिए खतरनाक हो सकता है।
ये भी पढ़ें: 400 से ज्यादा फिल्मों में किया काम, ‘रोजा’ फेम इस दिग्गज अभिनेत्री ने दुनिया को कहा अलविदा
पुलिस को बुलाने के बाद खत्म हुआ डरावना रिश्ता
कनिका ने बताया कि उस समय उनकी लॉ की पढ़ाई काम आई। करीब आठ-नौ महीने तक कानून की पढ़ाई करने के कारण उन्हें कानूनी रास्तों की थोड़ी समझ हो गई थी। उन्होंने तुरंत वहां मौजूद एक व्यक्ति से पुलिस को फोन करने के लिए कहा। पुलिस का नाम सुनते ही उनका एक्स-बॉयफ्रेंड घबरा गया। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अपने साथ ले गई। कनिका के मुताबिक, उसे दो-तीन दिन जेल में भी रहना पड़ा।
हालांकि, मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। जेल से बाहर आने के बाद उसके परिवार के लोग कनिका को धमकियां देने लगे। एक्ट्रेस ने बताया कि वह शुरुआत में अपने घरवालों को इस रिश्ते के बारे में कुछ बताने से डरती थीं, लेकिन जब उन्होंने हिम्मत करके पूरी बात परिवार को बताई, तो सभी ने उनका साथ दिया।
कनिका की इस आपबीती को सुनकर बिग बॉस के घर में मौजूद कंटेस्टेंट्स भी हैरान रह गए। एक्ट्रेस ने बताया कि उस मुश्किल रिश्ते से बाहर निकलना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन सही समय पर आवाज उठाने और परिवार का साथ मिलने से वह इस स्थिति से बाहर आ पाईं।

