Kangana Ranaut ने Lock Upp 2 में राम कपूर की लगाई क्लास, कहा- अपना फूहड़पन दिखाने...
punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 05:52 PM (IST)
नारी डेस्क : रियलिटी शो 'Lock Upp 2' के आने वाले वीकेंड एपिसोड में एक बार फिर शो की ओजी होस्ट कंगना रनौत दमदार अंदाज में नजर आने वाली हैं। मेकर्स द्वारा जारी नए प्रोमो में कंगना कई कंटेस्टेंट्स की क्लास लगाती दिख रही हैं, लेकिन सबसे ज्यादा निशाने पर अभिनेता राम कपूर हैं। शो में उनके रवैये और व्यवहार को लेकर कंगना ने तीखे सवाल किए, जिसका प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
राम कपूर से कंगना ने पूछे तीखे सवाल
प्रोमो में कंगना रनौत, राम कपूर से कहती हैं, "राम, अगर आपको इस गेम को सीरियसली नहीं लेना था और आपको लगता है कि आप इस जेल के लिए बहुत बड़े हैं, तो फिर आप यहां आए ही क्यों हैं? अपना फूहड़पन दिखाने आए हो?" कंगना के इस सवाल के बाद राम कपूर अपनी सफाई देते हुए कहते हैं कि सही समय आने पर वह अपना ऐसा सच सामने लाएंगे, जो बाकी सभी कंटेस्टेंट्स से बड़ा होगा। हालांकि, कंगना उनकी दलीलों से सहमत नजर नहीं आतीं और उन्हें बीच में ही रोकते हुए कहती हैं कि अगर वह खुद को सुधारना चाहते हैं, तो उन्हें लगातार अपना बचाव करने के बजाय अपने व्यवहार पर ध्यान देना चाहिए।
शुरुआत से विवादों में हैं राम कपूर
राम कपूर शो की शुरुआत से ही अपने बयानों और व्यवहार को लेकर चर्चा में हैं। इससे पहले वह शादी में चीटिंग को लेकर दिए गए बयान और शो के होस्ट रितेश देशमुख से कथित तौर पर रूखे व्यवहार की वजह से भी सोशल मीडिया पर ट्रोल हो चुके हैं। अब कंगना रनौत की फटकार के बाद एक बार फिर उनका नाम चर्चा में आ गया है।
धीरज को भी सुनाई खरी-खोटी
प्रोमो में कंगना सिर्फ राम कपूर ही नहीं, बल्कि कंटेस्टेंट धीरज पर भी नाराज होती नजर आती हैं। वह उनसे कहती हैं कि वे खुद को सुपरस्टार समझते हैं, लेकिन उनमें "मेन कैरेक्टर एनर्जी" नजर नहीं आती। कंगना की यह बात सुनकर धीरज शांत दिखाई देते हैं। वीकेंड एपिसोड में होस्ट रितेश देशमुख आकांक्षा को एक क्लिप भी दिखाते हैं, जिसमें श्रेया उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी बात अन्य कंटेस्टेंट्स के साथ साझा करती नजर आती हैं। वहीं, फराह खान और रितेश देशमुख हर्षद चोपड़ा के खेल की तारीफ करते हुए भी दिखाई देंगे।
यें भी पढ़ें : फल से लेकर छाल तक, कटहल का हर हिस्सा है सेहत का खजाना
प्रोमो हुआ वायरल
'Lock Upp 2' का यह प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई यूजर्स का कहना है कि कंगना रनौत ने राम कपूर से जरूरी सवाल पूछे, जबकि कुछ लोग पूरे एपिसोड का इंतजार कर रहे हैं ताकि पूरे घटनाक्रम को देखा जा सके।

