Maithili Thakur की महंगी कार पर मचा बवाल, कंगना रनौत ने ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब
punjabkesari.in Sunday, Sep 20, 2026 - 05:35 PM (IST)
नारी डेस्क : भोजपुरी लोक गायिका और बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर इन दिनों अपनी लग्जरी कार को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्हें मुंबई के लालबागचा राजा के दर्शन के लिए रॉल्स रॉयस से पहुंचते हुए देखा गया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने उनकी महंगी कार को लेकर सवाल उठाते हुए उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। अब एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने मैथिली ठाकुर का समर्थन करते हुए ट्रोल्स को जवाब दिया है।
लग्जरी कार को लेकर ट्रोल हुईं मैथिली ठाकुर
मैथिली ठाकुर अपनी गायिकी के साथ-साथ अब राजनीति में भी सक्रिय हैं। हाल ही में वह लालबागचा राजा के दर्शन के लिए पहुंचीं, जहां उन्हें एक लग्जरी रॉल्स रॉयस से उतरते हुए देखा गया। रिपोर्ट्स में इस कार की कीमत करीब 13 करोड़ रुपये बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी कार को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं।

कंगना रनौत ने किया मैथिली का बचाव
मैथिली की ट्रोलिंग के बीच कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर उनका समर्थन किया। उन्होंने लिखा कि कुछ लोगों को नेताओं को अच्छी जिंदगी जीते हुए देखकर परेशानी होने लगती है। कंगना ने कहा कि जनसेवा करने वाले लोगों की अपनी जिंदगी, करियर और लोकप्रियता भी होती है। उन्होंने आगे सवाल किया कि अगर कोई नेता समाज सेवा के साथ अपनी कमाई से अच्छी जिंदगी जी रहा है, तो इसमें परेशानी की क्या बात है। कंगना ने यह भी कहा कि नेताओं से हमेशा गरीब और साधारण जिंदगी जीने की उम्मीद करना सही नहीं है।
यें भी पढ़ें : दिमाग की नस फटने से 1 दिन पहले शरीर देता है ये संकेत, लापरवाही सबसे बड़ी गलती
'हम अच्छी जिंदगी जी नहीं सकते क्या?'
कंगना ने अपनी पोस्ट में यह भी लिखा कि जनहित में काम करने वाले लोगों का जनता के पैसे में कोई निजी हित नहीं होना चाहिए, लेकिन इसका मतलब यह भी नहीं कि उन्हें हमेशा एक साधारण या अभाव वाली जिंदगी ही जीनी चाहिए। उनका कहना था कि अगर कोई व्यक्ति अपने करियर और मेहनत से कमाई करता है, तो उसकी निजी जिंदगी और जीवनशैली को लेकर उसे लगातार ट्रोल करना उचित नहीं है।
तृषा कृष्णन के सपोर्ट में भी बोल चुकी हैं कंगना
यह पहली बार नहीं है जब कंगना रनौत ने किसी महिला कलाकार के समर्थन में सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी हो। इससे पहले उन्होंने साउथ एक्ट्रेस तृषा कृष्णन से जुड़े एक विवाद पर भी बिना नाम लिए अपनी प्रतिक्रिया दी थी। कंगना ने उस समय महिला को लेकर होने वाली ऑनलाइन ट्रोलिंग और चरित्र पर सवाल उठाने की प्रवृत्ति पर बात की थी। उन्होंने कहा था कि विवादों में अक्सर महिलाओं को ही निशाना बनाया जाता है।

