ब्राह्मणी नथ और सिर पर मोतियों वाला मुंडावल्या, अपनी शादी में काजोल ने पहनी थी सिंपल नौवारी साड़ी
punjabkesari.in Friday, Aug 06, 2021 - 11:07 AM (IST)
बाॅलीवुड की खूबसूरत एक्ट्रेस काजोल 5 अगस्त को 47 साल की हो गई हैं। इस मौके पर उनके हब्बी यानि की अजय देवगन ने एक खूबसूरत तस्वीर पोस्ट कर काजोल को बर्थ-डे विश की। काजोल और अजय की जोड़ी को बॉलीवुड की बेस्ट जोड़ियों में शामिल किया जाता है। काजोल ने कई सुपरहिट फिल्में की, उनका करियर पीक पर था जब उन्होंने अजय देवगन से शादी की थी और करियर पर फुल स्टॉप लगा दिया था।
मीडिया रिपोर्ट्स की अनुसार, 23 साल की छोटी उम्र में अपने करियर को छोड़ कर अजय से शादी के फैसले पर उनके पिता काफी नाराज थे क्योंकि वह चाहते थे कि काजोल अभी अपने करियर पर फोक्स करें लेकिन काजोल ने शादी का ही फैसला लिया एक इंटरव्यू में काजोल ने कहा था कि जिंदगी और करियर में ठहराव की चाहत में उन्होंने शादी की थी।

काजोल ने बताया था, 'मुझे काम करते हुए तकरीबन 9 साल हो गए थे। हर साल 4-5 फिल्में आ रही थीं। मेरे पास सब कुछ था- पैसा, शोहरत और कामयाबी, पर खुद के लिए न वक्त था, न सुकून। एक बड़ा फैसला लेने का वही सही वक्त था। उस वक्त मैंने तय किया कि अब शादी करूंगी और साल में ज्यादा से ज्यादा एक फिल्म में एक्टिंग करूंगी।' शायद काजोल के इस फैसले की एक वजह यह भी हो सकती है कि बचपन मां-पिता को एक साथ ना होने का दुख काजोल ने झेला है इसलिए वह परिवार को ज्यादा अहमियत देती रही हैं।
अजय-काजोल ने 24 फरवरी, 1999 को शादी की थी। अजय ने अपनी शादी का गलत पता बताया था ताकि मीडिया ना पहुंच सके लेकिन मीडिया ने इस कपल की वेडिंग कैप्चर कर ही ली थी। काजोल की वेडिंग लुक बेहद फेमस हुई थी। वैसे तो काजोल बंगाली परिवार से हैं लेकिन शादी के दिन वह ट्रडीशनल मराठी दुल्हन बनी थी।

काजोल को साड़ी पहनना बहुत पसंद है इसलिए तो अपनी ही शादी में भारी भरकम लहंगा पहनने की जगह उन्होंने सिंपल साड़ी चुनी थी। काजोल ने डार्क ग्रीन रंग की नौवारी साड़ी पहनी थी जिसे महाराष्ट्रियन साड़ी भी कहते हैं। काजोल ने पहली बार नौवारी साड़ी पहनी थी। बता दें कि इस साड़ी को नीचे से धोती स्टाइल में पहना जाता है और साड़ी काफी लंबी होती है। नौ गज की लंबाई के कारण ही इसे नौवारी नाम दिया गया है। दरअसल धोती स्टाइल साड़ी के लिए ज्यादा लंबाई की जरूरत होती हैं।

गहरे हरे रंग की सिल्क साड़ी पर सुनहरे धागों का खूबसूरत बॉर्डर था इसके अलावा पूरी साड़ी पर कहीं भी कोई वर्क नहीं था। साड़ी का ब्लाउज भी सिंपल हाफ स्लीव्स डिजाइन में स्टिच किया गया था और साड़ी के बॉर्डर की तरह ही ब्लाउज के एंड्स पर भी गोल्डन बॉर्डर किया गया था।
साड़ी की तरह ज्यूलरी भी एकदम सिंपल
काजोल ने इस साड़ी के साथ हाथों में हरी चूड़ियां और सोने के कंगन पहने थे। उन्होंने गले में चोकर हार, कानों में साड़ी से मैच करते लंबे ईयररिंग्स, मांगटीका, बाजूबंद और ट्रडीशनल महाराष्ट्रीयन नथ और ट्रडीशनल मोतियो से सजा मुंडावल्या पहना था जो दुल्हन के माथे पर सजाया जाता है। मराठी नथ को ब्राह्मणी नथ भी कहा जाता है जो काजोल पर खूब फब्ब रही थी। हाथों में हरे रंग की चुड़ियों को दुल्हन की फर्टिलिटी और खुशहाली से जोड़ा जाता है।


काजोल ने बालों को सिंपल जूड़े में स्टाइल किया गया था, जिस पर गजरा भी लगा था। इसके ऊपर साड़ी का पल्ला भी क्लिप से अटैच किया गया था। काजोल ने मेकअप को भी एक दम नैचुरल रखा गया था। सिंपल सॉबर काजोल के लुक को बेहद पसंद किया गया। इसके ऊपर फेरों के समय काजोल ने लाल रंग की चुनरी ओडी थी। सफेद शेरवानी पहनें अजय देवगन ने काजोल को डायमंड पेंडेंट मंगलसूत्र पहनाया था। इसकी डोरी में ट्रडिशनल मंगलसूत्र की तरह ही काले और सोने के मोतियों का इस्तेमाल किया गया था।

