कृष्णा मुखर्जी के निधन पर भावुक हुईं काजोल, बोलीं- सुंदर आसमान में एक और सितारा जुड़ गया

punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 11:24 AM (IST)

नारी डेस्क : रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी के निधन से परिवार और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। कृष्णा मुखर्जी का 22 सितंबर को 75 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके जाने के बाद परिवार और इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों ने उन्हें याद किया। अब एक्ट्रेस काजोल ने भी सोशल मीडिया पर कृष्णा मुखर्जी की एक तस्वीर शेयर कर उन्हें भावुक श्रद्धांजलि दी है।

काजोल ने शेयर की कृष्णा मुखर्जी की तस्वीर

काजोल ने सोशल मीडिया पर कृष्णा मुखर्जी की एक पुरानी तस्वीर साझा की। यह तस्वीर दुर्गा पूजा के दौरान की है, जिसमें पीछे मां दुर्गा की प्रतिमा नजर आ रही है। तस्वीर के साथ काजोल ने कृष्णा मुखर्जी को याद करते हुए लिखा, इस सुंदर आसमान में एक और सितारा जुड़ गया है, जिसने आकाश को और सुंदर बना दिया है। काजोल की इस पोस्ट से साफ है कि कृष्णा मुखर्जी से उनका रिश्ता सिर्फ रानी मुखर्जी की मां होने तक सीमित नहीं था, बल्कि परिवार के तौर पर भी दोनों के बीच खास जुड़ाव था।

PunjabKesari

कृष्णा मुखर्जी से काजोल का था पारिवारिक रिश्ता

दरअसल, काजोल और रानी मुखर्जी एक-दूसरे की कजिन हैं और दोनों परिवारों का फिल्म इंडस्ट्री से पुराना नाता रहा है। रानी मुखर्जी के पिता राम मुखर्जी और काजोल के पिता शोमू मुखर्जी आपस में चचेरे भाई थे। यही वजह है कि दोनों अभिनेत्रियों के बीच फिल्मी रिश्ते के साथ-साथ पारिवारिक जुड़ाव भी रहा है। ऐसे में कृष्णा मुखर्जी के निधन का दुख रानी के साथ काजोल के लिए भी बेहद निजी है।

रानी के काम पर खुलकर राय देती थीं कृष्णा

कृष्णा मुखर्जी अपनी बेटी रानी के फिल्मी करियर को लेकर काफी स्पष्ट राय रखती थीं। रानी कई मौकों पर बता चुकी हैं कि उनकी मां उनके काम की बड़ी आलोचक थीं। अगर उन्हें बेटी का कोई काम पसंद नहीं आता था, तो वह अपनी राय खुलकर जाहिर करती थीं। हालांकि, रानी के करियर में कृष्णा का समर्थन भी हमेशा उनके साथ रहा। रानी ने जब इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई, तब उनकी मां लगातार उनका हौसला बढ़ाती रहीं। रानी को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर भी कृष्णा मुखर्जी बेहद खुश थीं।

रानी और काजोल ने सुनाया था कृष्णा से जुड़ा मजेदार किस्सा

रानी मुखर्जी और काजोल कई बार अपनी पारिवारिक बॉन्डिंग से जुड़े किस्से भी साझा कर चुकी हैं। कॉफी विद करण के एक पुराने एपिसोड में काजोल ने कृष्णा मुखर्जी से जुड़ा एक मजेदार किस्सा सुनाया था। शो में जब करण जौहर ने काजोल से पूछा था कि वह How to Lose Weight in 30 Days किताब किसे देंगी, तो बातचीत के दौरान रानी ने मजाक में कहा था कि वह किताब अपनी मां को देंगी। इस पर काजोल ने भी मजाकिया अंदाज में रानी की बात का साथ दिया था। आज कृष्णा मुखर्जी इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें उनके परिवार और करीबियों के बीच हमेशा बनी रहेंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static