दूध पीने से 4 लोगों की मौत, जानिए आपके घर रोज आने वाला दूध शुद्ध है या नहीं ?
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 02:50 PM (IST)
नारी डेस्क: आजकल मिलावटी दूध का खतरा बढ़ता जा रहा है और सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर पड़ता है। आज कल मिलावटी दूध जी का जंजाल बनता जा रहा है। आंध्र प्रदेश के राजामहेंद्रवरम में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला यहां मिलावटी दूध के सेवन से पिछले 48 घंटों में चार लोगों की मौत हो गई। इस मामले में दो लोगों की मौत रविवार को हो गई जबकि दो लोगों ने आज दम तोड़ दिया।
एक ही विक्रेता से दूध खरीदते थे सब
प्रारंभिक जांच से पता चला कि दूषित दूध के कारण गुर्दा खराब होने से अचानक मूत्र संबंधी अवरोध पैदा हो गया और मौत हो गई। सभी चारों पीड़ित एक ही स्थानीय विक्रेता से दूध खरीदते थे। विक्रेता लगभग 40 मवेशियों का और स्थानीय किसानों से प्राप्त दूध लाता था और फिर उसे घरों में वितरित करता था। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दूध के नमूने एकत्र किए और उन्हें परीक्षण के लिए विभिन्न प्रयोगशालाओं में भेजा।
कैसे पहचानें दूध असली है या मिलावटी?
पानी की मिलावट जांचने का आसान तरीका यह है कि एक कांच की सतह पर दूध की एक बूंद गिराएं। अगर बूंद धीरे-धीरे नीचे की ओर बहे और सफेद निशान छोड़े दूध गाढ़ा है। अगर तुरंत बह जाए और पानी जैसा लगे उसमें पानी मिला हो सकता है। झाग से पहचान करने के लिए दूध को बोतल में डालकर जोर से हिलाएं। अगर झाग देर तक बना रहे तो डिटर्जेंट की मिलावट हो सकती है। शुद्ध दूध में झाग जल्दी बैठ जाता है।
स्टार्च की मिलावट जांचें
थोड़ा दूध लें और उसमें आयोडीन की 2–3 बूंद डालें। अगर रंग नीला हो जाए तो उसमें स्टार्च मिलाया गया है। स्वाद हल्का कड़वा या साबुन जैसा लगे, हाथों में रगड़ने पर चिकनाहट ज्यादा हो गर्म करने पर पीला या अजीब गंध आए तो समझ जाइए ये सिंथेटिक दूध है मिलावटी दूध से पेट दर्द, उल्टी और दस्त, बच्चों में कुपोषण की शिकायत, किडनी और लिवर पर बुरा असर पड़ता है औ लंबे समय में हार्मोन असंतुलन रहते हैं । डिटर्जेंट या यूरिया मिला दूध शरीर के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है।
सुरक्षित रहने के उपाय
भरोसेमंद डेयरी या ब्रांड से ही दूध खरीदें, पैकेट पर FSSAI नंबर जरूर देखें, दूध को उबालकर ही सेवन करें, शक हो तो लैब टेस्ट करवाएं। दूध पोषण का स्रोत है, लेकिन मिलावट इसे जहर भी बना सकती है। अपनी और अपने परिवार की सेहत के लिए जागरूक रहें।

