कुछ भी नामुमकिन नहीं! 12 साल की जिया का कमाल, 8 घंटे तक समुद्र में तैरकर रचा इतिहास

punjabkesari.in Saturday, Feb 20, 2021 - 02:51 PM (IST)

अगर आपमें कुछ करने की चाह है तो आपको जिंदगी की कोई भी बाधा सफल होने से रोक नहीं सकती है। इस बात को कभी मत भूलिए कि आपको एक बार असफलता मिलेगी, दूसरी बार मिलेगी लेकिन तीसरी बार आप और ज्यादा स्ट्रांग हो जाएंगे और आपके लिए उसे पाना एक कम्पीटिशन बन जाएगा और आखिरकार आपको सफलता मिलेगी ही। 

आज हम आपको एक ऐसी ही लड़की की कहानी के बारे में बताएंगे जो आटिज्म से पीड़ित हैं लेकिन ऐसी स्थिती में भी उस लड़की ने अपने नाम एक रिकॉर्ड बना लिया है। 

मिलिए उत्तर प्रदेश की जिया राय से 

दरअसल हम जिस लड़की की बात कर रहे हैं उसका नाम जिया राय है जो उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ की रहने वाली है। जिया 12 साल की है और वह आटिज्म से पीड़ित हैं दरअसल यह एक तरह से दिमागी बीमारी होती है लेकिन ऐसे में भी जिया के हौंसले रूके नहीं और अपनी इन्हीं बुलंद हौसलों के कारण जिया ने अपने नाम इतिहास रच दिया। 

समुद्र में 36 किलोमीटर की दूरी 8 घंटे 40 मिनट में की पूरी 

बता दें कि जिया ने 17 फरवरी को मुंबई के वर्ली से गेटवे ऑफ इंडिया तक समुद्र में 36 किलोमीटर की दूरी आठ घंटे 40 मिनट में तैर कर पूरी की थीं। जिया नौसेना के सेलर मदन राय की बेटी है और उन्होंने ऐसे करके अपने नाम पर इतिहास रच दिया है। 

सुबह के 3 बजे शुरू किया था सफर 

खबरों की मानें तो जिया ने 17 फरवरी को तड़के 3 बजकर 50 मिनट पर बांद्र-वर्ली सी लिंक से की और गेटवे आफ इंडिया तक की दूसरी 12 बजकर 30 मिनट तक इस सफर को पूरा किया। जैसा कि हमने बताया कि जिया आटिज्म स्पेक्ट्रम डिसॉर्डर से पीड़ित हैं और वह अपनी इस सफलता से आटिज्म के प्रति जागरूकता फैलाना चाहती हैं। 

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है नाम 

मीडिया रिपोर्टस की मानें तो जिया का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है। जिया समुद्र में 14 किमी की दूरी तय करने वाली सबसे कम उम्र की सबसे तेज तैराक मानी जाती हैं। 

पीएम मोदी भी हुए जिया के मुरीद 

जिया की इस बहादुरी पर पीएम मोदी ने भी मन की बात में जिक्र किया है। प्रधानमंत्री ने मन की बात ट्विटर हैंडल से जिया की तारीफ की है।

अब तक जीत चुकी हैं 19 गोल्ड मेडल 

ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से पीड़ित होने के कारण भी जिया खुद को दूसरे से कम नहीं समझती यही कारण है कि जिया को अब तक 19 गोल्ड मेडल भी मिल चुके हैं। 

जिया के नाम दर्ज है कईं उपलब्धियां

जिया ने अपने नाम कईं रिकॉर्ड दर्ज कराएं हैं उन्होंने 15 फरवरी को एलिफेंटा से गेटवे ऑफ इंडिया की 14 किमी की दूरी तीन घंटे 27 मिनट 30 सेकंड में पूरे किए थे। वहीं 5 जनवरी 2021 को अरनाला किला से वसई किला तक 22 किलोमीटर की दूरी सात घंटे चार मिनट में पूरी की थी। इसके साथ ही 5 जनवरी 2019 को समुद्री तैराकी में पांच किलोमीटर की प्रतियोगिता मात्र 10 साल सात माह की उम्र में जीती थी।

सच में आज जिया ने न सिर्फ देश का नाम बल्कि अपने परिवार का भी नाम रोशन किया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Janvi Bithal

Recommended News

Related News

static