जाने गेंदे के फूल का महत्व और वास्तु में सही दिशा में रखने के लाभ
punjabkesari.in Thursday, Sep 11, 2025 - 06:08 PM (IST)

नारी डेस्क : गेंदे के पीले और नारंगी फूल हिंदू धर्म में बहुत खास माने जाते हैं। ये फूल भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को बेहद प्रिय हैं। पूजा में इन फूलों का प्रयोग करने से धार्मिक लाभ के साथ-साथ घर में सकारात्मक ऊर्जा भी बनी रहती है। वास्तुशास्त्र के अनुसार, सही दिशा में गेंदे के फूल या पौधा लगाने से घर में सुख-समृद्धि और शांति आती है।
गेंदे के फूल का धार्मिक महत्व
पीले और नारंगी गेंदे के फूल हिंदू धर्म में पूजा और धार्मिक कार्यों में विशेष महत्व रखते हैं। पीले फूल सूर्योदय के रंग जैसे प्रतीत होते हैं, जबकि नारंगी फूल सूर्यास्त का प्रतीक माने जाते हैं। भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को ये फूल बेहद प्रिय हैं। गेंदे के फूल सिर्फ सजावट का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इसे घर में लगाने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और धन-धान्य की प्राप्ति भी संभव होती है।
गेंदे के फूल लगाने के लाभ
घर में सही दिशा में गेंदे के फूल लगाने से नकारात्मक ऊर्जा दूर रहती है और इसका मनमोहक सुगंध घर के वातावरण को सकारात्मक और खुशहाल बनाता है। पूजा में इसका उपयोग करने से माता लक्ष्मी और भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है। ऐसे में घर में सुख-समृद्धि और शांति बनी रहती है। इसके अलावा, धन लाभ के योग बनते हैं और पैसों की तंगी से भी राहत मिलती है। गेंदे के फूल घर में रखने से परिवार का माहौल खुशनुमा रहता है और जीवन में तरक्की के नए रास्ते खुलने लगते हैं।
गेंदे का फूल घर की सही दिशा में कैसे लगाएं
वास्तुशास्त्र के अनुसार, घर में गेंदे के फूल या पौधा लगाने की दिशा बहुत महत्वपूर्ण होती है। सबसे शुभ दिशा ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा मानी जाती है। इसके अलावा आप इसे पूर्व या उत्तर दिशा में भी रख सकते हैं। इन दिशाओं में पौधा लगाने से घर से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। साथ ही, इससे आसपास का वातावरण शुद्ध और सुखमय बना रहता है।
गेंदे का पौधा लगाने के वास्तु नियम
वास्तुशास्त्र के अनुसार, गेंदे के पौधे को घर के मुख्य द्वार के पास लगाना बहुत शुभ माना जाता है। ऐसा करने से नकारात्मक ऊर्जा घर में प्रवेश नहीं कर पाती। वहीं, इसे कभी भी दक्षिण या पश्चिम दिशा में नहीं लगाना चाहिए, क्योंकि इससे अशुभ फल की संभावना रहती है। कुछ सावधानियाभी जरूरी हैं। पौधे को गंदे स्थान, रसोई, बाथरूम या टॉयलेट के पास न रखें। मुरझाए हुए फूल या सूखी पत्तियों वाले पौधे घर में न रखें और पौधे को हमेशा हरा-भरा बनाए रखें। पूजा में गेंदे के फूलों की माला बनाकर देवी-देवताओं को समर्पित करने से भगवान की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
गेंदे के फूल न सिर्फ सुंदर और मन को भाने वाले होते हैं, बल्कि धार्मिक और वास्तु दृष्टि से भी बहुत लाभकारी हैं। इन्हें सही दिशा और नियमों के अनुसार घर में लगाने से जीवन में सुख-समृद्धि, धन लाभ और सकारात्मक ऊर्जा आती है। पूजा में इनके प्रयोग से भगवान की कृपा भी बनी रहती है।