77 की उम्र में ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी कैसे रहती हैं इतनी फिट? रोजाना करती हैं ये एक काम
punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 02:27 PM (IST)
नारी डेस्क: बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री और मथुरा से सांसद हेमा मालिनी आज भी अपनी फिटनेस, ग्लो और एनर्जी को लेकर चर्चा में रहती हैं। 77 साल की उम्र में भी उनका आकर्षण और एक्टिव लाइफस्टाइल लोगों के लिए प्रेरणा बना हुआ है। अक्सर लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर इस उम्र में भी वह खुद को इतना फिट और फ्रेश कैसे रखती हैं। हाल ही में आयुष मंत्रालय ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनका एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह अपने फिटनेस सीक्रेट के बारे में बात करती नजर आईं। इसी वीडियो के बाद एक बार फिर उनके हेल्दी लाइफस्टाइल की चर्चा तेज हो गई है।
फिटनेस का असली राज है योग
हेमा मालिनी के अनुसार उनकी फिटनेस का सबसे बड़ा राज योग है। वह रोजाना योग का अभ्यास करती हैं और इसे अपनी दिनचर्या का अहम हिस्सा मानती हैं। उनका कहना है कि योग सिर्फ शरीर को फिट रखने का तरीका नहीं है, बल्कि यह मन और विचारों में भी संतुलन लाता है। आयुष मंत्रालय के वीडियो में वह यह भी कहती नजर आईं कि योग ने उनके जीवन को अधिक शांत, संतुलित और बेहतर बनाया है। उनके अनुसार, अगर कोई व्यक्ति नियमित रूप से योग करे तो वह शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से स्वस्थ रह सकता है।

योग को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह
हेमा मालिनी का मानना है कि योग केवल एक एक्सरसाइज नहीं बल्कि जीवन जीने का तरीका है। वह लोगों से अपील करती हैं कि योग को सिर्फ कभी-कभी करने वाली गतिविधि न बनाकर इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करें। उनका कहना है कि नियमित योग से व्यक्ति अपनी पूरी क्षमता के साथ जीवन जी सकता है और शरीर के साथ-साथ मानसिक स्थिति भी मजबूत होती है। यही कारण है कि वह खुद भी इसे हर दिन अपनाती हैं।
ये भी पढ़ें: मेडिकल साइंस का अनोखा मामला! महिला ने 5 दिन में 4 बच्चों को दिया जन्म, डॉक्टर भी रह गए हैरान
विशेषज्ञों की निगरानी में योग जरूरी
अपने संदेश में हेमा मालिनी यह भी सलाह देती हैं कि योग हमेशा सही मार्गदर्शन और विशेषज्ञ की देखरेख में करना चाहिए। गलत तरीके से किया गया योग शरीर के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है। इसलिए शुरुआत करने वालों को प्रशिक्षित योग विशेषज्ञ से सलाह लेकर ही अभ्यास शुरू करना चाहिए, ताकि इसका पूरा लाभ मिल सके और किसी तरह की शारीरिक समस्या न हो।
योग से मिलते हैं कई फायदे
विशेषज्ञों के अनुसार, नियमित योग करने से शरीर और मन दोनों पर सकारात्मक असर पड़ता है। यह तनाव, चिंता और डिप्रेशन जैसी समस्याओं को कम करने में मदद करता है। योग से इम्यूनिटी मजबूत होती है, नींद बेहतर आती है और शरीर में ऊर्जा बनी रहती है। यही वजह है कि आज के समय में हर उम्र के लोग योग को अपनी लाइफस्टाइल का हिस्सा बना रहे हैं।

आयुष मंत्रालय का जागरूकता अभियान
गौरतलब है कि आयुष मंत्रालय इन दिनों योग को बढ़ावा देने के लिए लगातार सोशल मीडिया पर अभियान चला रहा है। ‘वर्ल्ड योग डे’ के करीब आते ही मंत्रालय अलग-अलग सेलेब्रिटीज के वीडियो साझा कर लोगों को योग के प्रति जागरूक कर रहा है। इससे पहले अमिताभ बच्चन, अनिल कपूर समेत कई हस्तियां भी योग के फायदे बताते हुए नजर आ चुके हैं। इसी कड़ी में हेमा मालिनी का यह वीडियो भी लोगों को प्रेरित कर रहा है कि योग को अपनाकर एक स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है।

