मेनोपॉज में हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है! महिलाएं सावधान रहें, इन 5 लक्षणों को न करें नजरअंदाज़
punjabkesari.in Tuesday, Sep 16, 2025 - 10:40 AM (IST)

नारी डेस्क: मेनोपॉज यानी महिलाओं के जीवन का वो पड़ाव जब उनका मासिक चक्र (पीरियड्स) बंद हो जाता है। इस दौरान महिलाओं के शरीर में कई बदलाव होते हैं। अक्सर महिलाएं इस समय थकान, तनाव, मूड स्विंग जैसी समस्याओं से गुजरती हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि मेनोपॉज के दौरान हार्ट अटैक का खतरा भी बढ़ जाता है? गायनेकोलॉजिस्ट के अनुसार, मेनोपॉज में महिलाओं के शरीर में एस्ट्रोजन हार्मोन की कमी हो जाती है, जो दिल की सेहत के लिए बहुत जरूरी है। एस्ट्रोजन हार्ट को स्वस्थ रखने में मदद करता है, लेकिन मेनोपॉज के बाद इसका स्तर कम हो जाता है, जिससे हार्ट अटैक का जोखिम बढ़ जाता है।
मेनोपॉज में हार्ट अटैक का खतरा क्यों बढ़ता है?
एस्ट्रोजन एक ऐसा हार्मोन है जो हमारे ब्लड वेसल्स (रक्त वाहिकाओं) को रिलैक्स करता है, ब्लड फ्लो को सही बनाए रखता है और खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करता है। जब मेनोपॉज के बाद एस्ट्रोजन की मात्रा कम हो जाती है, तो ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। खराब कोलेस्ट्रॉल बढ़ जाता है। दिल के आसपास चर्बी बढ़ने लगती है। इन सब वजहों से दिल का दौरा पड़ने का खतरा काफी हद तक बढ़ जाता है।
हार्ट अटैक के ये 5 लक्षण कभी न करें नजरअंदाज
अगर आपको मेनोपॉज के दौरान या बाद में ये लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें सीने में बेचैनी या दर्द, जो पीठ, गर्दन, जबड़े या बाहों तक महसूस हो। हल्की-फुल्की एक्सरसाइज या काम करते हुए सांस फूलना। दिल की धड़कन का अनियमित होना या धड़कन रुक-रुक कर महसूस होना। बेहोशी आना या शरीर अस्थिर महसूस होना। बिना वजह लगातार थकान या कमजोरी महसूस करना।
ये भी पढ़ें: प्राइवेट पार्ट की स्किन क्यों हो जाती है काली? कैसे करें इसे गोरा और साफ, जान लीजिए टिप्स
हार्ट हेल्दी रखने के लिए क्या करें?
नियमित व्यायाम करें: हफ्ते में कम से कम 150 मिनट मध्यम गति की एक्सरसाइज करें, जैसे तेज चलना, योग या तैराकी।
तनाव से बचें: ध्यान, योग और गहरी सांस लेने की तकनीक अपनाएं ताकि मन शांत रहे।
स्वस्थ भोजन लें: अपनी डाइट में ज्यादा फल, सब्जियां, साबुत अनाज और प्रोटीन शामिल करें। प्रोसेस्ड फैट, शुगर और नमक कम करें।
पर्याप्त नींद लें: रोजाना 7-8 घंटे की अच्छी नींद जरूरी है।
धूम्रपान से बचें: अगर आप स्मोकिंग करती हैं तो इसे छोड़ना आपके दिल के लिए फायदेमंद होगा।
मेनोपॉज महिलाओं के जीवन का एक नया और महत्वपूर्ण चरण है। इस दौरान अपनी सेहत का खास ध्यान रखना जरूरी है, खासकर हार्ट की सुरक्षा के लिए। अगर आप ऊपर बताए गए लक्षण महसूस करें तो डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें। हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाकर आप हार्ट अटैक के खतरे को काफी हद तक कम कर सकती हैं।