भारत के हर घर में जल रहा ये धुआं, दिल-फेफड़े कर रहा कमजोर, कैंसर का भी खतरा !
punjabkesari.in Saturday, Sep 27, 2025 - 04:48 PM (IST)

नारी डेस्क : अगरबत्ती और धूपबत्ती की खुशबू हम सभी को अच्छी लगती है। भारतीय घरों में पूजा-पाठ, त्योहारों और घर की शुद्धि के लिए इन्हें जलाना एक आम परंपरा है। यह माहौल को शांत और सकारात्मक बनाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इनका धुआं आपकी सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है?
क्यों है खतरनाक अगरबत्ती का धुआं?
विशेषज्ञों का कहना है कि अगरबत्ती और धूपबत्ती में मिलाए गए सुगंधित रसायन और अन्य सामग्री जलने पर कई हानिकारक गैसें छोड़ते हैं। इनमें कार्बन मोनोऑक्साइड, बेंजीन और फॉर्मल्डिहाइड जैसे खतरनाक तत्व शामिल होते हैं। जब ये गैसें लंबे समय तक सांस के जरिए शरीर में जाती हैं तो फेफड़ों और अन्य अंगों पर बुरा असर डालती हैं और धीरे-धीरे सेहत को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
दिल-फेफड़े करता कमजोर, कैंसर का भी खतरा
अगरबत्ती का धुआं लगातार या लंबे समय तक सांस में लेने से सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है। यह सांस लेने में दिक्कत पैदा कर सकता है और अस्थमा जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ा देता है। इसके धुएं से आंखों और त्वचा में जलन हो सकती है और हार्ट पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। लंबे समय तक एक्सपोजर होने पर यह फेफड़ों की कार्यक्षमता को कमजोर कर सकता है और यहां तक कि कैंसर का खतरा भी बढ़ सकता है।
यें भी पढ़ें : अमेरिका में तेजी से फैल रहा कोरोना का नया स्ट्रेन, क्या भारत में भी होगा इसका असर?
धार्मिक आस्था और सेहत का संतुलन
धार्मिक आस्था और परंपराओं के कारण अगरबत्ती और धूपबत्ती का उपयोग पूरी तरह बंद करना आसान नहीं है। लेकिन कुछ सावधानियां अपनाकर इसके नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। धूपबत्ती जलाते समय कमरे में अच्छी वेंटिलेशन रखें यानी खिड़की और दरवाजे खुले हों। रोजाना लंबे समय तक धूपबत्ती जलाने से बचें और खासकर बच्चों, बुजुर्गों व अस्थमा के मरीजों के कमरे में इसे न जलाएं। इस तरह आस्था और स्वास्थ्य दोनों का संतुलन बनाए रखा जा सकता है।
हमेशा चुनें सुरक्षित विकल्प
अगर आप घर का वातावरण सुगंधित रखना चाहते हैं तो कुछ सुरक्षित विकल्प अपना सकते हैं। इसके लिए एसेंशियल ऑयल डिफ्यूजर का उपयोग करें, जो प्राकृतिक खुशबू फैलाता है और धुएं से होने वाले नुकसान से बचाता है। इसके अलावा घर में ताजे फूलों की महक रखें या फिर नीम की पत्तियां और लौंग जलाएं, जिन्हें अपेक्षाकृत कम हानिकारक माना जाता है। ये उपाय घर में सुखद वातावरण बनाने के साथ सेहत की सुरक्षा भी करते हैं।
धूपबत्ती की खुशबू मन को शांति देती है, लेकिन इसका धुआं धीरे-धीरे शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए सही जानकारी और सावधानी अपनाना जरूरी है। आस्था और स्वास्थ्य दोनों का ध्यान रखते हुए ही इसका प्रयोग करें, ताकि परिवार सुरक्षित और स्वस्थ रहे।