निक्की मर्डर केस: प्रेमिका की एंट्री से खुला राज, छल और धोखे की दास्तान आई सामने
punjabkesari.in Monday, Aug 25, 2025 - 05:47 PM (IST)

नारी डेस्क: ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र में रहने वाली निक्की की हत्या का मामला इन दिनों पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मामले में निक्की के पति विपिन पर गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने अब तक विपिन, उसके भाई, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस पर एक्शन लेते हुए उत्तर प्रदेश के DGP से 3 दिन में रिपोर्ट मांगी है।
क्या है पूरा मामला?
निक्की की मौत के पीछे उसके पति विपिन और ससुराल वालों का नाम सामने आया है। एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें देखा जा सकता है कि विपिन निक्की के साथ मारपीट कर रहा है और उसकी बहन के साथ भी धक्का-मुक्की कर रहा है। निक्की की बहन कंचन का दावा है कि विपिन का कई लड़कियों के साथ अफेयर था। वह अक्सर रातभर घर से गायब रहता था, और जब निक्की इस बारे में सवाल करती थी, तो उसे पीटता था।
पति के अफेयर का खुलासा
इस केस में अब एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विपिन का एक लड़की के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। एक पुराना वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें विपिन कार में एक लड़की के साथ बैठा है, और कुछ लोग उसे पीटते हुए दिख रहे हैं। यह वीडियो करीब एक साल पुराना बताया जा रहा है।
निक्की के चाचा ने बताया कि पिछले साल उन्होंने विपिन को उसी लड़की के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया था। उस समय निक्की और विपिन के बीच बड़ा झगड़ा हुआ था। बाद में समाज के दबाव में आकर विपिन ने निक्की से माफी मांगी, लेकिन उसका चाल-चलन नहीं बदला।
क्या कहती है निक्की की बहन?
निक्की की बहन कंचन का कहना है कि विपिन का कई लड़कियों से अफेयर था। वह कई बार रातभर गायब रहता था। जब निक्की सवाल करती थी तो उसे मारता था। विपिन का कोई काम-धंधा नहीं था और वह अक्सर डिस्को व नाइट क्लबों में घूमता रहता था।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने इस केस में पति विपिन, जेठ (विपिन का भाई) सास- ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और जांच जारी है।
महिला आयोग की सख्ती
राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और उत्तर प्रदेश पुलिस प्रमुख (DGP) से 3 दिनों के अंदर रिपोर्ट मांगी है।
निक्की की मौत एक घरेलू हिंसा, बेवफाई और लापरवाही का दुखद उदाहरण बन गई है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए समाज और कानून को और भी सख्त कदम उठाने होंगे।