दादी-नानी के जमाने वाली कड़ा पायल का ट्रेंड फिर छाया, तस्वीरों में देखें लेटेस्ट डिजाइन
punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 04:10 PM (IST)
नारी डेस्क: पायल पहनना किस महिला को पसंद नहीं होता? खासकर तीज-त्योहार या किसी खास मौके पर पैरों में पायल पहनते ही पूरा लुक थोड़ा और खूबसूरत लगने लगता है। वैसे तो बाजार में पायल के कई तरह के डिजाइन मिल जाते हैं, लेकिन इन दिनों पुराने जमाने की कड़ा पायल एक बार फिर ट्रेंड में है। दादी-नानी के पैरों में नजर आने वाली मोटी चांदी की पायल अब नए और मॉडर्न डिजाइन के साथ वापस आ गई है। खास बात यह है कि इसमें ट्रेडिशनल लुक भी बरकरार है और आज के फैशन के हिसाब से इसमें कई नए टच भी जोड़े गए हैं। अगर आप भी नई पायल खरीदने की सोच रही हैं, तो इन डिजाइन्स से आइडिया ले सकती हैं।
त्योहार से लेकर शादी तक पहन सकती हैं
कड़ा पायल को सिर्फ रोजाना ही नहीं, बल्कि तीज-त्योहार, करवाचौथ और दूसरे खास मौकों पर भी पहना जा सकता है। इतना ही नहीं, अगर आपकी शादी होने वाली है तो आप इसे अपने जूलरी कलेक्शन का हिस्सा बना सकती हैं। चांदी की कड़ा पायल आम चेन वाली पायल के मुकाबले काफी मजबूत मानी जाती है। यही वजह है कि पुराने समय में महिलाएं ऐसी पायल लंबे समय तक पहनती थीं। अब इनके डिजाइन में थोड़ा बदलाव करके इन्हें ज्यादा स्टाइलिश और मॉडर्न बना दिया गया है।

सिंपल और एलिगेंट कड़ा पायल
अगर आपको पायल में घुंघरू पसंद हैं, लेकिन बहुत ज्यादा हैवी डिजाइन नहीं चाहिए, तो यह स्टाइल आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है। इसमें पतले कड़े पर लाइन के जरिए खूबसूरत डिटेलिंग की गई है। वहीं, थोड़ी-थोड़ी दूरी पर छोटे घुंघरू लगाए गए हैं। इससे पायल न तो बहुत भारी लगती है और न ही इसका ट्रेडिशनल टच कम होता है। सिंपल लुक पसंद करने वाली महिलाओं के लिए यह डिजाइन काफी सुंदर है।
ऑक्सीडाइज्ड घुंघरू पायल
अगर आपको ऑक्सीडाइज्ड जूलरी पसंद है, तो इस तरह की कड़ा पायल आपके कलेक्शन में अच्छी लगेगी। इसमें कड़े को ब्रेडेड स्टाइल में डिजाइन किया गया है और नीचे की तरफ कई छोटे घुंघरू लगाए गए हैं। इसकी वजह से पायल थोड़ी हैवी और आकर्षक नजर आती है। इसे आप किसी फेस्टिवल, फैमिली फंक्शन या एथनिक आउटफिट के साथ पहन सकती हैं।
ये भी पढ़ें: रानी मुखर्जी पर टूटा दुखों का पहाड़, नहीं रहीं एक्ट्रेस की मां कृष्णा मुखर्जी
सिल्वर-गोल्ड प्लेटेड कड़ा पायल
कुछ अलग और थोड़ा मॉडर्न डिजाइन ट्राई करना चाहती हैं तो सिल्वर और गोल्ड का कॉम्बिनेशन भी देख सकती हैं। इस डिजाइन में सिल्वर कड़े पर गोल्ड प्लेटेड टच दिया गया है। इसके साथ लटकते हुए घुंघरू और मरून रंग के मोती इसे और खूबसूरत बनाते हैं। यह डिजाइन बाकी पारंपरिक पायलों से थोड़ा अलग नजर आता है और फेस्टिव लुक के साथ अच्छी तरह मैच हो सकता है।

दो कड़ों को ऐसे करें स्टैक
अगर आप पायल को थोड़ा अलग अंदाज में पहनना चाहती हैं, तो एक की जगह दो कड़े स्टैक करके भी पहन सकती हैं। इसमें एक ऑक्सीडाइज्ड डिजाइन वाला कड़ा और दूसरा घुंघरू वाला कड़ा साथ पहना गया है। दोनों का कॉम्बिनेशन पैरों को काफी स्टाइलिश लुक देता है। एथनिक ड्रेस के साथ यह स्टाइल खास तौर पर अच्छा लग सकता है।
चौड़े कड़े वाली पायल
चौड़े कड़े वाली पायल भी इन दिनों काफी खूबसूरत लगती है। इसमें कड़े को थोड़ा चौड़ा रखा गया है और बीच-बीच में छोटे घुंघरू लगाए गए हैं। इसकी एक और खास बात इसका पेच वाला डिजाइन है। इसकी मदद से पायल को जरूरत के हिसाब से थोड़ा ढीला या टाइट किया जा सकता है। इससे पायल के पैर से निकलने या ज्यादा ढीले होकर गिरने की संभावना भी कम होती है।
शेर के मुंह वाले डिजाइन ने खींचा ध्यान
अगर आपको थोड़ी रॉयल और अलग तरह की जूलरी पसंद है तो यह डिजाइन भी देख सकती हैं। इसे ओपन ब्रेसलेट की तरह आसानी से पहना जा सकता है और पैर के हिसाब से फिट किया जा सकता है। इसके दोनों सिरों पर शेर के मुंह जैसा डिजाइन बनाया गया है, जबकि कड़े के बीच पारंपरिक डिटेलिंग देखने को मिलती है। यह डिजाइन सिंपल होते हुए भी काफी रिच लुक देता है।
रोज पहनने के लिए हल्की कड़ा पायल
कड़ा पायल का मतलब हमेशा हैवी जूलरी नहीं होता। अगर आप इसे रोज पहनना चाहती हैं तो हल्के और सिंपल डिजाइन का चुनाव कर सकती हैं। बिना मोती और ज्यादा रंगों के यह लाइटवेट डिजाइन रोजमर्रा के कपड़ों के साथ भी आसानी से पहना जा सकता है। कड़े पर बनी छोटी-छोटी डिजाइनिंग इसे साधारण होने के बावजूद क्लासी और ट्रेडिशनल लुक देती है।
ब्लू डिटेलिंग वाली पायल
अगर आपको डेली वेअर में थोड़ा कलर पसंद है तो नीले रंग की डिटेलिंग वाली कड़ा पायल भी ट्राई कर सकती हैं। इसमें हल्के और गहरे नीले रंग से थोड़ी-थोड़ी दूरी पर डिजाइन बनाया गया है। कड़े का बेसिक लुक बरकरार रखा गया है, इसलिए ज्यादा डिजाइन के बावजूद यह ओवर नहीं लगती। सिंपल लेकिन स्टाइलिश जूलरी पसंद करने वाली महिलाओं के लिए यह अच्छा ऑप्शन हो सकता है।
मोतियों वाली कड़ा पायल
प्लेन कड़ा पायल के बजाय अगर आप थोड़ी ज्यादा ट्रेडिशनल और फेस्टिव लुक चाहती हैं तो मोतियों वाली पायल का चुनाव कर सकती हैं। इस डिजाइन में कड़े पर हरे रंग की फ्लोरल डिटेलिंग की गई है। साथ ही घुंघरुओं के बीच लटकता हुआ मोती इसे खूबसूरत लुक देता है। तीज-त्योहार या किसी एथनिक फंक्शन में ऐसी पायल आपके पैरों की खूबसूरती को और बढ़ा सकती है।

पुराना अंदाज, नए डिजाइन के साथ
कड़ा पायल का ट्रेंड भले ही दादी-नानी के जमाने से चला आ रहा हो, लेकिन नए डिजाइन ने इसे आज की फैशन पसंद के हिसाब से काफी अपडेट कर दिया है। आप चाहे तो इसे रोजमर्रा के लिए सिंपल रखें या फिर त्योहार और खास मौकों के लिए घुंघरू, मोती और ऑक्सीडाइज्ड डिटेलिंग वाला डिजाइन चुनें।
सबसे अच्छी बात यही है कि इस पायल में पुराने जमाने की खूबसूरती और नए फैशन का स्टाइल दोनों एक साथ देखने को मिलते हैं।

