इस राज्य में तीसरे बच्चे के जन्म पर सरकार देगी 30 हजार रुपये , चौथे पर 40 हजार!

punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 03:49 PM (IST)

नारी डेस्क:  कभी बढ़ती आबादी दुनिया के लिए सबसे बड़ी चिंता मानी जाती थी, लेकिन अब कई देशों के सामने उलटी समस्या खड़ी हो गई है। लगातार घटती जन्म दर और कम होती युवा आबादी ने सरकारों की चिंता बढ़ा दी है। हालात ऐसे हो चुके हैं कि लोग शादी और बच्चे पैदा करने से दूरी बना रहे हैं, जिसका असर आने वाले समय में अर्थव्यवस्था और कामकाजी आबादी पर पड़ सकता है। इसी चिंता के बीच अब सरकार ने ऐसा बड़ा फैसला लिया है, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया है। इसी बीच  आंध्र प्रदेश के  मुख्यमंत्री N. Chandrababu Naidu ने जनसंख्या वृद्धि को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अब बच्चों को बोझ नहीं बल्कि देश की “संपत्ति” के रूप में देखने की जरूरत है। इसी सोच के साथ आंध्र प्रदेश सरकार ने परिवारों को ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए आर्थिक प्रोत्साहन देने की घोषणा की है।

तीसरे और चौथे बच्चे पर मिलेगी नकद सहायता

आंध्र प्रदेश के नरसन्नापेटा में आयोजित स्वर्ण आंध्र स्वच्छ आंध्र कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस नई योजना की जानकारी दी। उन्होंने घोषणा की कि सरकार अब तीसरे बच्चे के जन्म पर परिवार को 30,000 रुपये और चौथे बच्चे के जन्म पर 40,000 रुपये की आर्थिक सहायता देगी। सरकार का मानना है कि इससे लोगों को ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और राज्य में घटती जनसंख्या वृद्धि की समस्या को संतुलित करने में मदद मिल सकती है।

“बच्चे बोझ नहीं, देश की संपत्ति हैं”

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि समाज को अब अपनी सोच बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पहले परिवार नियोजन पर ज्यादा जोर दिया गया था, लेकिन बदलते समय के साथ अब जनसंख्या संतुलन बनाए रखना भी जरूरी हो गया है। उनके मुताबिक, अगर जन्म दर लगातार घटती रही तो आने वाले समय में कामकाजी आबादी कम हो सकती है, जिसका असर अर्थव्यवस्था और विकास पर भी पड़ सकता है। इसी वजह से अब सरकार जनसंख्या वृद्धि को सकारात्मक नजरिए से देख रही है।

ये भी पढ़ें:  मिलावटी हल्दी से गई दुल्हन की जान, क्या आपके घर में भी पहुंच रही है नकली हल्दी? ऐसे पहचानें

पहले भी दिया जा चुका है प्रोत्साहन का प्रस्ताव

यह पहली बार नहीं है जब आंध्र प्रदेश सरकार ने इस तरह की योजना पर जोर दिया हो। इससे पहले दूसरे बच्चे के जन्म पर भी 25,000 रुपये की सहायता देने का प्रस्ताव सामने आ चुका है। अब तीसरे और चौथे बच्चे के लिए घोषित नई प्रोत्साहन राशि को सरकार की बड़ी जनसंख्या नीति के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस फैसले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा और बहस भी तेज हो सकती है।

बदलती जनसंख्या ने बढ़ाई सरकारों की चिंता

विशेषज्ञों का मानना है कि कई जगहों पर लोग शादी और बच्चों से दूरी बना रहे हैं, जिससे जन्म दर लगातार कम हो रही है। इसका असर भविष्य में बुजुर्ग आबादी बढ़ने और युवा कार्यबल घटने के रूप में सामने आ सकता है। इसी वजह से अब कुछ सरकारें लोगों को बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहन देने की दिशा में कदम उठा रही हैं। आंध्र प्रदेश सरकार की यह नई योजना भी उसी सोच का हिस्सा मानी जा रही है।
  
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static