ब्रिटेन के सबसे अमीर व्यक्ति और हिंदुजा समूह के चेयरमैन का 85 की उम्र में हुआ निधन
punjabkesari.in Tuesday, Nov 04, 2025 - 05:43 PM (IST)
नारी डेस्क: हिंदुजा समूह के अध्यक्ष जी पी हिंदुजा वास्तव में समुदाय के शुभचिंतक और एक मार्गदर्शक शक्ति थे और उनके निधन से एक युग का अंत हुआ है। विश्वव्यापी हिंदुजा समूह के अध्यक्ष गोपीचंद पी. हिंदुजा का 85 वर्ष की आयु में निधन हो गया। व्यावसायिक हलकों में 'जीपी' के नाम से मशहूर गोपीचंद पी. हिंदुजा पिछले कुछ हफ्तों से अस्वस्थ थे और लंदन के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया।
2023 में संभाला था अध्यक्ष का पद
गोपीचंद, जो हिंदुजा परिवार की दूसरी पीढ़ी से थे, उन्होंने मई 2023 में अपने बड़े भाई श्रीचंद के निधन के बाद अध्यक्ष का पद संभाला था। उनके परिवार में उनकी पत्नी सुनीता, बेटे संजय और धीरज, और बेटी रीता हैं। संडे टाइम्स रिच लिस्ट के 2025 एडिशन में गोपीचंद हिंदुजा फैमिली यूके में टॉप पर आई थी। उस समय गोपीचंद हिंदुजा फैमिली के पास 32.3 अरब पाउंड के एसेट्स थे। जी पी हिंदुजा वार्षिक 'संडे टाइम्स रिच लिस्ट' में नियमित रूप से शामिल होते थे, जिसमें हिंदुजा समूह लगातार चौथे वर्ष 35.3 बिलियन पाउंड की अनुमानित संपत्ति के साथ इस वर्ष शीर्ष पर रहा।
लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से हो चुके हैं सम्मानित
जी पी हिंदुजा भारत-ब्रिटेन के घनिष्ठ आर्थिक संबंधों के एक मुखर समर्थक के रूप में जाने जाते थे और अक्सर लंदन में आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए व्यवसायों को तेज़ी से बढ़ते भारतीय बाज़ार में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करते थे। उन्हें पिछले कुछ वर्षों में कई पुरस्कार मिले, जिनमें से सबसे हालिया पुरस्कार उन्हें अगस्त में यहां लोकमत वैश्विक आर्थिक सम्मेलन में व्यापार और उद्योग में उनके योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
बड़े भाई का 2023 में हुआ था निधन
उनके बड़े भाई और समूह के सह-अध्यक्ष, एस पी हिंदुजा का मई 2023 में निधन हो गया था। प्रकाश और अशोक सहित हिंदुजा बंधु, ब्रिटेन में सबसे प्रसिद्ध भारतीय मूल के व्यावसायिक परिवारों में से एक थे। परिवार की कंपनियों का समूह 48 देशों में ऑटोमोटिव, तेल और विशेष रसायन, बैंकिंग और वित्त, आईटी, साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा, व्यापार, बुनियादी ढांचा परियोजना विकास, मीडिया और मनोरंजन, बिजली और रियल एस्टेट क्षेत्रों में काम करता है।

