आपके कंधे मजबूत है या नहीं? सिर्फ 1 मिनट निकालकर घर पर ही करें टेस्ट
punjabkesari.in Tuesday, Dec 16, 2025 - 03:29 PM (IST)
नारी डेस्क: कंधों का दर्द आज के समय में आम समस्या बन गई है। कंधों का दर्द अचानक भी हो सकता है और धीरे-धीरे भी बढ़ सकता है। सही समय पर इसके लक्षण पहचान लेना बहुत ज़रूरी है, ताकि समस्या गंभीर न बने। डॉक्टरों के अनुसार कंधों (Shoulder joints) की सेहत जांचने के लिए एक बहुत ही आसान मूवमेंट है। इससे आप यह चेक कर सकते हैं कि आपका कंधे हेल्दी है या नहीं। चलिए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से।
टेस्ट मूवमेंट- “हाथ पीछे ले जाना”
सीधे खड़े हो जाएं या बैठ जाएं। एक हाथ को पीछे से ऊपर की ओर ले जाएं (जैसे पीठ खुजलाने की कोशिश करते हैं)। अब दूसरा हाथ ऊपर से पीछे की ओर ले जाकर दोनों हाथों को मिलाने की कोशिश करें। ही प्रक्रिया दोनों तरफ से करें। अगर दोनों हाथ आसानी से पास-पास या मिल जाते हैं तो कंधे काफ़ी हद तक स्वस्थ हैं। अगर दर्द, खिंचाव, जकड़न हो या हाथ पीछे न जाए तो कंधों में स्टिफ़नेस या कम मोबिलिटी हो सकती है।
एक और आसान टेस्ट (वैकल्पिक)
दोनों हाथ सीधे ऊपर उठाएं और देखें क्या बिना दर्द पूरे ऊपर जा रहे हैं? क्या दोनों हाथ बराबर ऊंचाई तक उठ रहे हैं? अगर दर्द या रुकावट हो, तो कंधों पर ध्यान देना ज़रूरी है। टेस्ट के दौरान जोर न लगाएं। तेज़ दर्द, सूजन या लंबे समय से जकड़न हो तो डॉक्टर/फिज़ियोथेरेपिस्ट से सलाह लें।
कंधों को ठीक करने के लिए असरदार स्ट्रेच
1. किसी दरवाज़े के फ्रेम के बीच खड़े हो जाएं।
2. दोनों हाथों को कोहनी से मोड़कर दरवाज़े पर रखें।
3. अब धीरे-धीरे शरीर को आगे की ओर झुकाएं।
4. छाती और कंधों में हल्का खिंचावमहसूस होगा।
5. इस स्थिति में 20–30 सेकंड रहें।
6. इसे दिन में 2–3 बार दोहराएं।
स्ट्रेच के फायदे
इससे कंधों की जकड़न कम होती है, पोस्टचर सुधरता है, फ्रोजन शोल्डर और गर्दन दर्द का खतरा घटता है और हाथ ऊपर उठाने में आसानी होती है। अगर दर्द 2 हफ्ते से ज़्यादा बना रहे, दर्द के साथ सुन्नपन, कमजोरी या सूजन हो तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।

