अभी नहीं जाने वाली ठंड.... कोहरे और बर्फबारी के साथ बारिश भी करेगी परेशान , 2 दिन तक संभल कर रहें
punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 10:04 AM (IST)
नारी डेस्क: अगर आपने भी रजाई अंदर रख ली है तो इसे बाहर निकाल लो, क्योंकि ठंड अभी जाने वाली नहीं है। भारत के कई हिस्सों में मौसम खतरनाक रूप ले रहा है। जहां उत्तर भारत और पूर्वी राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है तो वहीं हिमाचल में बर्फबारी का अलर्ट है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक हिमालय के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश और कहीं-कहीं बर्फबारी होगी।

कोहरे का अलर्ट जारी
8 फरवरी की रात से नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (Western Disturbance) मौसम बिगाड़ सकता है। 5 और 6 फरवरी को जम्मू-कश्मीर लद्दाख और मुजफ्फराबाद में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 6 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी मध्य प्रदेश और बिहार में 6 फरवरी तक घना कोहरा रहने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर-पूर्वी राजस्थान, सिक्किम और झारखंड में 5 फरवरी तक मौसम पलट सकता है।

सुबह और शाम रहेगी धुंध
मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 22°C और न्यूनतम तापमान 8°C रह सकता है, जिससे ठंड बनी रहेगी। हवा हल्की रह सकती है और नमी का स्तर ज्यादा रह सकता है। अगले 5 दिनों तक तापमान सामान्य के आसपास रहने की उम्मीद है।राजस्थान में आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी होने से लोगों को सर्दी से थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी जिलों में सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है। खासतौर पर पहाड़ी और अंदरूनी इलाकों में रहने वाले लोगों को तड़के और सुबह के शुरुआती घंटों में धुंध का सामना करना पड़ सकता है।

