चमत्कार! 12वीं मंजिल से गिरी महिला, चिल्ला कर पति से कहा-'' मैं मरी नहीं, जल्दी एम्बुलेंस बुलाओ''...
punjabkesari.in Sunday, May 25, 2025 - 11:15 AM (IST)

नारी डेस्क: दक्षिण-पूर्वी चीन के जियांग्शी प्रांत के लेपिंग शहर से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। यह घटना साबित करती है कि चमत्कार अभी भी होते हैं। यहां एक 44 साल की महिला 12वीं मंजिल से नीचे गिर गई, लेकिन फिर भी वह जिंदा बच गई। गिरने के तुरंत बाद महिला ने अपने पति को आवाज लगाई, "मैं अभी मरी नहीं हूं, 120 पर कॉल करो।" यहां 120 नंबर, मेडिकल इमरजेंसी के लिए डायल किया जाता है।
हादसा कैसे हुआ?
यह दिल दहला देने वाली घटना 13 मई को हुई थी। महिला का नाम पेंग हुइफांग है। वह अपने पति की काम में मदद कर रही थी। उसका पति खिड़की लगाने (विंडो इंस्टालेशन) का काम करता है। उस दिन वे एक ग्राहक के घर की बालकनी को सील करने का काम कर रहे थे।
वे दोनों एक भारी खिड़की को क्रेन की मदद से ऊपर उठा रहे थे। जैसे ही खिड़की को 12वीं मंजिल तक पहुंचाया गया, अचानक खिड़की नीचे गिरने लगी। उसी समय पेंग, जो खिड़की को संभालने में मदद कर रही थी, बिल्डिंग के बाहर झूलती हुई नीचे गिर गई।
ये भी पढ़े: मृत्यु आने से पहले मनुष्य को दिखने लगती हैं ये 5 चीजें, गरुड़ पुराण में दर्ज हैं ये संकेत
गिरते समय पेंग को क्या लगा?
गिरते वक्त पेंग को लगा कि यह उसका आखिरी पल है। उसने सोचा अब वह नहीं बचेगी। लेकिन किस्मत ने उसका साथ दिया। जैसे ही वह नीचे गिरी, उसने देखा कि वह अभी जिंदा है। और तुरंत उसने नीचे खड़े अपने पति को आवाज दी, "मैं अभी मरी नहीं हूं। जल्दी 120 पर कॉल करो।" पेंग की जान इसलिए बच पाई क्योंकि वह सीधे जमीन पर नहीं गिरी। उसके नीचे एक केनोपी (टेंट जैसी छतरी) लगी हुई थी। गिरने के दौरान पेंग उसी केनोपी पर गिरी। इस केनोपी ने उसकी गिरने की गति को कम कर दिया और उसकी जान बच गई।
हालत गंभीर, लेकिन उम्मीद है पूरी ठीक होने की
पेंग के दोनों पैरों और कमर के नीचे के हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि भले ही चोटें गहरी हैं, लेकिन छह महीने में वह पूरी तरह से ठीक हो जाएगी।
क्या कहा पेंग ने?
पेंग ने बताया कि, "मैंने सच में सोचा कि अब मेरी मौत हो जाएगी। जब मैं गिर रही थी तो मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था। लेकिन जैसे ही मैंने आंख खोली, मैंने खुद को जिंदा पाया। मुझे यकीन नहीं हुआ, लेकिन मैं शुक्रगुजार हूं कि मैं अब भी जिंदा हूं।"
लोग कर रहे हैं चमत्कार की बात
इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। कोई इसे चमत्कार कह रहा है तो कोई किस्मत का खेल। लेकिन जो बात साफ है, वो ये कि एक बड़ा हादसा टल गया और एक महिला की जान बच गई।