83 के अमिताभ बच्चन हैं बिल्कुल ठीक, उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबरें निकली झूठी
punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 08:59 AM (IST)
नारी डेस्क: मेगास्टार अमिताभ बच्चन को लेकर उनके फैंस में चिंता बढ़ गई है, जब ऐसी खबरें आईं कि उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक अमिताभ बच्चन 16 मई से अस्पताल में भर्ती हैं, जिसके बाद से ही एक्टर के जल्द ठीक होने की कामना की जाने लगी। इसी बीच करीबी परिवार वालों ने इस बात की पुष्टि की कि यह दिग्गज एक्टर सिर्फ़ एक रेगुलर चेक-अप के लिए अस्पताल गए थे।

ETimes के अनुसार, एक सूत्र ने बताया- "मिस्टर बच्चन शनिवार को नानावती अस्पताल गए थे, लेकिन यह एक रेगुलर चेक-अप था जिसके लिए वह हर महीने जाते हैं और उसके बाद वह घर लौट आए।" अंदरूनी सूत्र ने कहा- " यह खबर पूरी तरह से गलत है। वह बिल्कुल ठीक हैं और शनिवार को अस्पताल में अपनी रेगुलर जांच के बाद वह घर लौट आए थे। अगले दिन उन्हें 'जलसा' से 'जनक' तक अपनी कार चलाते हुए भी देखा गया था। वह अभी घर पर ही हैं" । उनके अस्पताल में भर्ती होने की अफवाहें इंटरनेट पर फैलने के बाद, अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर एक कविता लिखी और सोशल मीडिया पर एक गुप्त संदेश पोस्ट किया। उन्होंने हिंदी में लिखा- "चील जब होवे शांत तो भैया, तोते बोलन सुरू करे, ईर बीर फत्ते, कहां, चल हमौ, पिलावे सुरू करे!!! बाजरे दी रोटी खा दी, फु पड़ियों दा, साग रे, मुंह में डालन लागे जैसे, बोलन लागे काग रे !!!!!

दिग्गज अभिनेता अक्सर अपने मुंबई स्थित घर 'जलसा' के बाहर रविवार को अपने फैंस से हुई मुलाक़ात करते हैं। वह कई सालों से इस परंपरा को निभाते आ रहे हैं, और वह इसे फैंस के प्यार और समर्थन के लिए अपना आभार व्यक्त करने का एक अवसर मानते हैं। इस रविवार (17 मई) की मुलाक़ात की भी कई तस्वीरें इस दिग्गज अभिनेता ने शेयर कीं, और बताया कि उन्हें आज भी इस बात की थोड़ी घबराहट होती है कि क्या उनसे मिलने के लिए लोग आएंगे भी या नहीं। उन्होंने लिखा- "मैं घर से अपने शुभचिंतकों से मिलने के लिए बाहर निकलता हूं... स्टाफ़, सिक्योरिटी और पुलिस मुझे बताते हैं कि अब बाहर जाने का समय हो गया है... और जैसे ही मैं बाहर की ओर कदम बढ़ाता हूं, मेरे मन में एक हिचक सी होती है... क्या वे वहां मौजूद होंगे? क्या वे मेरा अभिवादन करेंगे? या फिर मेरा मज़ाक उड़ाएंगे??"

पिछले हफ़्ते, इस दिग्गज अभिनेता ने बताया कि उन्होंने अपनी सिक्योरिटी टीम से बात की ताकि यह पक्का हो सके कि जब भी फ़ैन उनसे 'जलसा' के बाहर मिलने आते हैं, तो उनके साथ अच्छा बर्ताव हो कई बार तो वे इस गर्मी में घंटों इंतज़ार करते हैं। उन्होंने कहा, -"इस गर्मी में, वे बस एक झलक पाने के लिए घंटों इंतज़ार करते हैं, और यह कोई छोटी बात नहीं है। ऐसे में, उनके साथ अच्छा बर्ताव न करना, यह ठीक नहीं है। जनता ही हमारे लिए भगवान है। उन्हें प्यार, इज़्ज़त और शुभकामनाएँं मिलें, बस वे यही चाहते हैं। वे हमें इतना कुछ देते हैं, और हमें भी बदले में उन्हें वैसा ही प्यार और इज्जत देनी चाहिए।"

