चेहरे पर बर्फ लगाने से पहले जान लें ये जरूरी बातें: सीधे इस्तेमाल से हो सकता है नुकसान
punjabkesari.in Saturday, Jul 12, 2025 - 03:26 PM (IST)

नारी डेस्क: आजकल सोशल मीडिया पर एक ब्यूटी ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है फेस आइसिंग (Face Icing)। इसमें लोग चेहरे पर सीधे बर्फ रगड़ते हैं ताकि थकान दूर हो, त्वचा तरोताजा लगे और स्किन में ग्लो आए। लेकिन क्या आप जानते हैं कि चेहरे पर सीधे बर्फ रगड़ना आपकी स्किन के लिए खतरनाक हो सकता है? एक्सपर्ट्स भी इस पर चेतावनी दे रहे हैं।
क्या है फेस आइसिंग?
फेस आइसिंग यानी चेहरे पर बर्फ लगाना। गर्मी या थकान के समय बहुत से लोग बर्फ से चेहरे की मसाज करते हैं जिससे ठंडक महसूस होती है। यह ट्रेंड अब ब्यूटी टिप्स के तौर पर खूब फैल रहा है, लेकिन इसके सही और गलत तरीके जानना बहुत जरूरी है।
चेहरे पर सीधे बर्फ लगाने के नुकसान
संवेदनशील त्वचा पर हो सकता है रिएक्शन: अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है और आप सीधे बर्फ लगा रहे हैं, तो इससे स्किन में जलन, खुजली और रेडनेस जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
त्वचा की रक्त नलिकाएं टूट सकती हैं: बर्फ की ठंडक से त्वचा के अंदर की छोटी ब्लड वैसल्स (कैपिलरीज) डैमेज हो सकती हैं। इससे स्किन पर लाल धब्बे या फटने जैसे निशान नजर आने लगते हैं।
ड्राई स्किन और समय से पहले बुढ़ापा: बार-बार बर्फ लगाने से नेचुरल ऑयल कम हो जाता है। इससे स्किन रूखी हो जाती है और समय से पहले झुर्रियां और फाइन लाइन्स दिखने लगती हैं।
ऑयली स्किन वालों के लिए उल्टा असर: कुछ लोग सोचते हैं कि बर्फ लगाने से ऑयल कम होगा, लेकिन यह ऑयल ग्रंथियों को ज्यादा एक्टिव कर सकता है, जिससे पिंपल्स और ब्रेकआउट्स बढ़ सकते हैं।
ये भी पढ़ें: रातोंरात होंठ हों बेबी पिंक, एलोवेरा जेल के साथ लगाएं किचन की ये 3 घरेलू नुस्खे
कैसे करें सही तरीके से फेस आइसिंग?
बर्फ को कभी भी सीधे चेहरे पर न लगाएं। हमेशा किसी साफ कपड़े या टिशू में लपेटकर ही बर्फ का उपयोग करें। बहुत ज्यादा देर तक चेहरे पर बर्फ न रखें – सिर्फ 1-2 मिनट हल्के हाथ से मसाज करें। स्किन पर बर्फ रगड़ने के बाद मॉइश्चराइज़र लगाना न भूलें।
एक्सपर्ट की सलाह
एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर फेस आइसिंग सही तरीके से की जाए तो यह थकान हटाने, पफीनेस कम करने और स्किन को फ्रेश बनाने में मददगार हो सकती है। लेकिन गलत तरीका अपनाने से स्किन को लंबे समय तक नुकसान पहुंच सकता है।
चेहरे पर बर्फ लगाने से पहले उसका तरीका जानना जरूरी है। फैशन या ट्रेंड के नाम पर अपनी स्किन को नुकसान न पहुंचाएं। हमेशा एक्सपर्ट की सलाह मानें और सावधानी से स्किन केयर रूटीन फॉलो करें।