सांप के जहर मामले में Elvish Yadav को बड़ी राहत, सुप्रीम कोर्ट ने केस किया खारिज
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 07:33 PM (IST)
नारी डेस्क: पॉपुलर यूट्यूबर Elvish Yadav को सांप के जहर मामले में बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने इस केस में उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को खारिज कर दिया है, जिसके बाद उनके परिवार और फैंस के बीच खुशी का माहौल है। साल 2023 में नोएडा में एक रेव पार्टी के दौरान एल्विश यादव पर सांप के जहर का इस्तेमाल नशे के रूप में करने का आरोप लगा था। इस मामले में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी और यूपी पुलिस जांच कर रही थी। इसके बाद 17 मार्च 2024 को एल्विश को इस केस में गिरफ्तार भी किया गया था। यह मामला काफी समय तक चर्चा में रहा और सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर बहस छिड़ी रही।
सुप्रीम कोर्ट से मिली बड़ी राहत
अब सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए एफआईआर को खारिज कर दिया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद एल्विश यादव को बड़ी राहत मिली है। फैसले के बाद एल्विश यादव ने एक वीडियो शेयर कर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, आज बहुत खुशी का दिन है। सुप्रीम कोर्ट ने मेरा केस खारिज कर दिया है। मुझे हमेशा न्यायपालिका पर भरोसा था कि मुझे न्याय जरूर मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि पिछले ढाई साल उनके और उनके परिवार के लिए काफी मुश्किल भरे रहे, लेकिन अब उन्हें न्याय मिल गया है।
मुश्किल समय को किया याद
एल्विश ने बताया कि इस दौरान उन्हें और उनके परिवार को काफी मानसिक दबाव और परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस तरह का समय किसी के जीवन में न आए। वीडियो के अंत में एल्विश ने अपने परिवार और फैंस का धन्यवाद किया और कहा कि उनके सपोर्ट की वजह से ही वह इस मुश्किल समय से बाहर निकल पाए।

