पाकिस्तान के कराची में 216 कैदी जेल तोड़कर फरार, भूकंप के झटकों ने बनाया ''बच निकलने का मौका''
punjabkesari.in Tuesday, Jun 03, 2025 - 04:03 PM (IST)

नारी डेस्क: पाकिस्तान के कराची शहर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सोमवार रात को कराची की मलीर जेल में 216 कैदी जेल से फरार हो गए। यह घटना उस समय हुई जब भूकंप के झटकों के बाद जेल में अचानक अफरा-तफरी मच गई। पाकिस्तान में सोमवार रात भूकंप आया जिससे कराची और आसपास के इलाकों में डर और घबराहट फैल गई। सुरक्षा के लिहाज से जेल प्रशासन ने मलीर जेल में बंद कैदियों को बैरकों से बाहर मैदान में ला दिया। इस एहतियात के तहत करीब 700 से 1,000 कैदी एक साथ जेल के खुले हिस्से में जमा हो गए।
कैदियों ने सुरक्षाकर्मियों पर किया हमला, हथियार छीने
जैसे ही कैदी खुले मैदान में जमा हुए, कुछ कैदियों ने अचानक जेल के सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया। उन्होंने गार्ड्स से हथियार छीन लिए और जेल के अंदर गोलियां चलाना शुरू कर दिया। इस हमले में जेल के कई गार्ड घायल हो गए। इस अफरा-तफरी में एक कैदी की मौत भी हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
मेन गेट तोड़कर भागे कैदी
हथियार छीनने के बाद कैदियों ने मुख्य गेट को जबरन खोल दिया और 216 कैदी भागने में कामयाब हो गए। सिंध के गृह मंत्री जिया उल हसन लांजर ने पुष्टि की है कि कैदियों ने मुख्य दरवाजा तोड़कर जेल से फरार होने की साजिश को अंजाम दिया। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हो गए, जिनमें कैदी कराची की सड़कों पर भागते और घूमते दिखाई दे रहे हैं।
Breaking News 🚨
— Clear Nama (@Clear_Nama) June 3, 2025
कराची में हुआ तांडव। 200 से ज्यादा खतरनाक कैदी जेल से फरार।
कराची का मलीर जेल जो पाकिस्तान का सबसे सुरक्षित जेल है कल रात आए भूकंप में उसकी एक दीवार गिर गई। फिर क्या था कैदियों के भागने की होड़ मच गई। अब कैदी जिसमें कुछ तो हार्डकोर क्रिमनल है Karachi के सड़कों… pic.twitter.com/1k5lzLJG23
जेलब्रेक के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों की कार्रवाई शुरू
जेलब्रेक की इस बड़ी घटना के बाद कराची में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। कराची पुलिस, रेंजर्स और एफसी (फ्रंटियर कॉर्प्स) ने मिलकर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है। अब तक की गई कार्रवाई में मंगलवार सुबह तक 78 कैदियों को फिर से पकड़ लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश तेजी से की जा रही है।
ये भी पढ़े: सर्दी-खांसी होते ही Corona Test के लिए न भागें, कोविड ऑफिसर की लोगों को राय
शहरभर में लगे चेकपोस्ट और नाकेबंदी
इस घटना के बाद कराची में जगह-जगह चेकपॉइंट बनाए गए हैं। हाईवे और शहर के मुख्य रास्तों पर तलाशी अभियान चल रहा है, ताकि फरार कैदियों को पकड़ा जा सके। सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
कैदी थे गंभीर अपराधी नहीं – पुलिस अधिकारी का बयान
कराची के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी काशिफ अब्बासी ने जानकारी दी कि जेल से भागे 216 कैदियों में से कोई भी आतंकवादी या किसी गंभीर अपराध में आरोपी नहीं है। वे सामान्य आपराधिक मामलों के तहत जेल में थे। यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान में इतनी बड़ी संख्या में कैदी जेल से भागे हों। 2013 में भी तालिबान ने डेरा इस्माइल खान जिले की जेल पर हमला कर 200 से ज़्यादा कैदियों को छुड़ा लिया था। उस घटना के बाद देशभर की जेलों की सुरक्षा को कड़ा किया गया था। लेकिन इसके बावजूद कराची में दोबारा इतनी बड़ी चूक सामने आई है जो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
कराची में मलीर जेल से 216 कैदियों का भागना पाकिस्तान की जेल सुरक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।