क्या सेंधा नमक खाने से बढ़ता है हार्ट अटैक का खतरा?
punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 09:44 AM (IST)
नारी डेस्क: आजकल लोग अपनी सेहत को लेकर पहले से ज्यादा जागरूक हो गए हैं। चीनी, तेल और नमक जैसी चीजों के हेल्दी विकल्प ढूंढे जा रहे हैं। इसी वजह से बहुत से लोग साधारण सफेद नमक (टेबल सॉल्ट) की जगह सेंधा नमक का इस्तेमाल करने लगे हैं। माना जाता है कि सेंधा नमक प्राकृतिक होता है और सेहत के लिए ज्यादा अच्छा होता है। लेकिन हाल ही में यह सवाल उठ रहा है कि क्या ज्यादा मात्रा में सेंधा नमक खाना दिल के लिए नुकसानदायक हो सकता है? क्या इससे हार्ट अटैक का खतरा बढ़ता है? आइए इसे आसान भाषा में समझते हैं।
सेंधा नमक और सफेद नमक में क्या अंतर है?
विशेषज्ञों के अनुसार, सेंधा नमक और सामान्य सफेद नमक दोनों का मुख्य तत्व सोडियम क्लोराइड ही होता है। यही सोडियम शरीर में ब्लड प्रेशर को प्रभावित करता है।

अंतर क्या है?
सेंधा नमक कम प्रोसेस्ड होता है। इसमें मैग्नीशियम, पोटैशियम और कैल्शियम जैसे कुछ खनिज (मिनरल्स) थोड़ी मात्रा में पाए जाते हैं। सफेद नमक को प्रोसेस किया जाता है और उसमें अक्सर आयोडीन मिलाया जाता है। हालांकि सेंधा नमक में मौजूद मिनरल्स की मात्रा बहुत कम होती है। यह दिल को कोई खास अतिरिक्त सुरक्षा नहीं देते। इसलिए यह मान लेना कि सेंधा नमक दिल के लिए पूरी तरह सुरक्षित है या ज्यादा फायदेमंद है सही नहीं है।
क्या सेंधा नमक से हार्ट अटैक होता है?
सच्चाई यह है कि हार्ट अटैक का खतरा नमक के प्रकार से नहीं, बल्कि कुल सोडियम की मात्रा से जुड़ा होता है। चाहे आप सेंधा नमक खाएं या सामान्य नमक अगर नमक ज्यादा खाया जाएगा, तो ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है, लंबे समय तक हाई बीपी रहने से दिल पर दबाव बढ़ता है, जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। हमारा शरीर सेंधा नमक और सफेद नमक से मिलने वाले सोडियम को एक जैसा ही मानता है। ज्यादा सोडियम शरीर में पानी रोकता है और खून की नलियों को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए यह सोचना कि सेंधा नमक "नेचुरल" है तो इसे जितना चाहें उतना खा सकते हैं यह गलतफहमी है।
ये भी पढ़ें: 12 साल की बच्ची की जूं ने ले ली जान! बेटी ने इतना दर्द सहा की कोई नहीं कर पा रहा यकीन
दिल को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें?
सिर्फ नमक ही हार्ट अटैक की वजह नहीं बनता। कई और कारण भी जिम्मेदार होते हैं, जैसे
ज्यादा नमक का सेवन
प्रोसेस्ड और जंक फूड
शारीरिक गतिविधि की कमी

तनाव
धूम्रपान
डायबिटीज
मोटापा
क्या ध्यान रखें?
रोजाना नमक की मात्रा सीमित रखें। ताजे और घर का बना खाना खाएं। नियमित व्यायाम करें। धूम्रपान से बचें। ब्लड प्रेशर और शुगर की नियमित जांच कराएं। यह कहना गलत होगा कि सेंधा नमक सीधे हार्ट अटैक की वजह बनता है। असली खतरा जरूरत से ज्यादा नमक खाने से है चाहे वह किसी भी प्रकार का हो। दिल को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित आहार, कम नमक, नियमित एक्सरसाइज और हेल्दी लाइफस्टाइल सबसे ज्यादा जरूरी है।


