गोल-मोल बच्चे को कम उम्र में ही घेर लेंगी ये 6 बीमारियां, बचाव करेंगे ये असरदार टिप्स
punjabkesari.in Monday, Mar 17, 2025 - 03:28 PM (IST)

नारी डेस्क: आजकल के अनहेल्दी लाइफस्टाइल के कारण बच्चों में मोटापे की समस्या आम हो गई है। यह न केवल उनकी शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य पर भी बुरा असर डालता है। यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो यह गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। आइए, जानते हैं कि मोटापे के कारण बच्चों को किन समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है और इससे बचने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।
मोटापे के कारण होने वाली समस्याएं
ब्लड शुगर से जुड़ी समस्या
मोटापा और खराब लाइफस्टाइल के कारण बच्चों में इंसुलिन प्रतिरोध बढ़ जाता है। इससे बच्चों में टाइप 2 डायबिटीज होने का खतरा बढ़ जाता है। यह उनके शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है और भविष्य में कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।
श्वास से जुड़ी समस्याएं
मोटापे के कारण छोटे बच्चों को श्वास से जुड़ी समस्याओं का सामना भी हो सकता है। जैसे अस्थमा, स्लीप एपनिया और दौड़ने या थोड़ी देर चलने पर सांस फूलने की समस्या। ये सभी समस्याएं बच्चों के शारीरिक विकास और लाइफस्टाइल पर असर डाल सकती हैं।
जोड़ों से जुड़ी समस्याएं
अगर बच्चों का वजन अधिक होता है, तो उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो सकती है। साथ ही, जोड़ों में दर्द और थकान जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। यह उनके शारीरिक विकास में रुकावट डालता है और उनकी क्षमता को सीमित कर सकता है।
फैटी लिवर की समस्या
अनहेल्दी खानपान के कारण बच्चों के लिवर पर अधिक फैट जमा होने लगता है, जिससे फैटी लिवर की समस्या उत्पन्न होती है। इससे लिवर की कार्यक्षमता पर बुरा असर पड़ सकता है, और यह स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है।
ये भी पढ़े: क्या बुखार में बच्चे को Breastfeeding कराना सही है या गलत?
हार्ट से जुड़ी समस्याएं
मोटापे के कारण बच्चों के दिल पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे उनकी रक्त वाहिकाओं में भी समस्या हो सकती है। इससे हाई ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल और अन्य हार्ट से जुड़ी समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
मानसिक समस्याएं (स्ट्रेस और डिप्रेशन)
मोटापे के कारण बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी असर पड़ता है। उनका आत्मविश्वास कम हो सकता है, और वे शर्मिंदगी महसूस कर सकते हैं। इसके कारण बच्चों में तनाव, चिंता और कभी-कभी डिप्रेशन जैसी मानसिक समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं।
बच्चों में मोटापे को रोकने के उपाय
हेल्दी डाइट का पालन करें
बच्चों को मोटापे से बचाने के लिए उनके आहार में ताजे फल, सब्जियां और साबुत अनाज शामिल करें। प्रोटीन और फाइबर से भरपूर आहार बच्चों को स्वस्थ रखने में मदद करता है। साथ ही, फास्ट फूड, मीठे खाने और ज्यादा चिकनाई वाले भोजन से बचने की कोशिश करें।
फिजिकल एक्टिविटी और एक्सरसाइज कराएं
बच्चों को दिन में कम से कम 30-45 मिनट तक फिजिकल एक्टिविटी करनी चाहिए। उन्हें खेलने, दौड़ने, साइकिल चलाने जैसी गतिविधियों में शामिल करें। यह उनके शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ वजन नियंत्रित करने में भी मदद करेगा।
स्क्रीन टाइम कम करें
आजकल बच्चों का अधिक समय मोबाइल, टैबलेट और टीवी पर बिता जाता है। इससे फिजिकल एक्टिविटी की कमी होती है। बच्चों के स्क्रीन टाइम को कम करके उन्हें बाहर खेलने के लिए प्रोत्साहित करें। इससे उनकी शारीरिक सक्रियता बढ़ेगी और मोटापे की समस्या कम होगी।
ये भी पढ़े: क्या छह महीने से छोटे बच्चों को पानी नहीं देना चाहिए? जानें क्या कहते हैं विशेषज्ञ
पुरी नींद लें
बच्चों को पर्याप्त नींद मिलनी चाहिए। कम नींद भी मोटापे का कारण बन सकती है, इसलिए बच्चों की नींद को नियमित और पर्याप्त बनाना आवश्यक है।
अगर बच्चों को कोई समस्या दिखाई दे, तो उन्हें नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। उनके स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन दें ताकि वे एक स्वस्थ और खुशहाल जीवन जी सकें।