दिव्यांग माता-पिता के इकलौते बेटे की सांप के काटने से मौत, परिवार में छाया मातम

punjabkesari.in Wednesday, Jul 30, 2025 - 05:00 PM (IST)

 नारी डेस्क: गाजियाबाद के मुरादनगर इलाके से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां राधेश्याम बिहार कॉलोनी में रहने वाले एक दिव्यांग दंपति के इकलौते बेटे की सांप के काटने से मौत हो गई। 15 साल के रूद्र नामक इस बच्चे को तड़के सोते समय सांप ने काट लिया। सांप उसके हाथ पर लिपट गया था, जिससे रूद्र की नींद टूटी और उसने जोर से चीख मारी।

सांप हाथ पर लिपटा, चीख सुन दौड़े परिजन

सोमवार रात रूद्र अपने घर के बरामदे में चारपाई पर सोया हुआ था। सुबह करीब 4 बजे अचानक एक सांप उसके हाथ पर लिपट गया। जैसे ही रूद्र की आंख खुली, उसने डर के मारे जोर से चीखना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर माता-पिता और पड़ोसी दौड़कर मौके पर पहुंचे। बड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने सांप को उसके हाथ से हटाया, लेकिन तब तक सांप रूद्र को डंस चुका था।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें:  बड़ा आतंकी हमलाः आतंकियों ने मिलिट्री बेस पर बोला हमला, 50 सैनिकों की मौत

झाड़-फूंक में बर्बाद हुए कीमती घंटे

घटना के बाद कॉलोनी के कुछ लोगों ने उसे डॉक्टर के पास ले जाने के बजाय झाड़-फूंक करने वाले एक व्यक्ति को बुला लिया। घंटों तक झाड़-फूंक का इलाज चलता रहा, लेकिन रूद्र की हालत बिगड़ती गई। बाद में जब हालत ज्यादा खराब हुई, तब जाकर उसे गाजियाबाद के जिला अस्पताल ले जाया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने रूद्र को मृत घोषित कर दिया।

PunjabKesari

परिवार में मचा कोहराम

रूद्र के माता-पिता दोनों दिव्यांग हैं और उनका यह बेटा ही उनकी उम्मीद और सहारा था। उसकी मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है। कॉलोनी के लोग भी इस घटना से दुखी हैं और परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। इस घटना से ये सीख मिलती है कि सांप के काटने जैसी आपात स्थिति में झाड़-फूंक या देरी जानलेवा हो सकती है। ऐसे मामलों में तुरंत मेडिकल सहायता लेना बेहद जरूरी है।

(नोट: यह खबर जनहित में है, कृपया सांप के काटने की स्थिति में तुरंत नजदीकी अस्पताल जाएं और घरेलू या अंधविश्वासी इलाज से बचें।)   

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static