दीपिका कक्कड़ की फिर बिगड़ी तबीयत! कैंसर के बाद अब सिस्ट की समस्या, परिवार को सता रही चिंता
punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 04:31 PM (IST)
नारी डेस्क: टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ एक बार फिर अपनी सेहत को लेकर चर्चा में हैं। पिछले साल 2025 में उन्हें लिवर कैंसर का पता चला था, जिसके बाद उनकी 14 घंटे लंबी सर्जरी हुई थी। लंबे इलाज और हिम्मत के बाद वह धीरे-धीरे ठीक हो रही थीं। लेकिन अब उनकी सेहत को लेकर एक नई चिंता सामने आई है उन्हें पेट में सिस्ट (गांठ) पाई गई है।
अचानक उठा तेज पेट दर्द
दीपिका और उनके पति शोएब इब्राहिम ने अपने नए व्लॉग में इस बारे में खुलकर बात की। शोएब ने बताया कि कुछ दिन पहले दीपिका को अचानक पेट में तेज दर्द शुरू हुआ। शुरुआत में हल्का दर्द था, लेकिन रात होते-होते यह काफी बढ़ गया। हालत ऐसी हो गई कि उन्हें तुरंत डॉक्टर के पास ले जाना पड़ा। परिवार इस दर्द को लेकर काफी घबरा गया था, क्योंकि दीपिका पहले ही कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ चुकी हैं।

पेट में 13MM की सिस्ट
जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि दीपिका के पेट में 13MM की सिस्ट है। डॉक्टरों के मुताबिक यह एक छोटी गांठ है, जिसे एक छोटे से मेडिकल प्रोसीजर के जरिए हटाया या जलाया जाएगा। इसके लिए दीपिका को तीन-चार दिन अस्पताल में भर्ती रहना पड़ सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल यह सिस्ट है, लेकिन एहतियात के तौर पर इसे हटाना जरूरी है ताकि आगे कोई परेशानी न हो।
ये भी पढ़ें: दीपिका कक्कड़ को एक लक्षण Ignore करने से हुआ स्टेज-2 लिवर कैंसर, जानें उनसे कहां हुई चूक
बढ़ा हुआ AFP लेवल
शोएब ने यह भी बताया कि दीपिका का AFP (अल्फा-फीटोप्रोटीन) लेवल थोड़ा बढ़ा हुआ है। सामान्य तौर पर इसकी रेंज 10 के आसपास होती है, लेकिन उनकी रिपोर्ट में यह 12 आया है। डॉक्टरों ने इसे फिलहाल सामान्य बताया है, लेकिन पिछले कैंसर को देखते हुए परिवार थोड़ा चिंतित है। डॉक्टरों का कहना है कि पहले जो ट्यूमर था, वह काफी आक्रामक (अग्रेसिव) और डिफ्रेंशिएटेड था, इसलिए दोबारा होने की संभावना को पूरी तरह नकारा नहीं जा सकता। हालांकि दिसंबर में कराए गए पीईटी स्कैन में सब कुछ सामान्य था।

परिवार को सता रही यह चिंता
शोएब ने व्लॉग में बताया कि उन्हें सबसे ज्यादा डर इस बात का है कि कहीं यह पुरानी बीमारी से जुड़ा मामला न हो। हालांकि डॉक्टर फिलहाल इसे सिर्फ सिस्ट बता रहे हैं और भरोसा दिला रहे हैं कि छोटा सा प्रोसीजर करके इसे ठीक किया जा सकता है। दीपिका भी हिम्मत के साथ इस स्थिति का सामना कर रही हैं। वह पहले भी कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ चुकी हैं और इस बार भी सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रही हैं।
फैंस कर रहे दुआ
दीपिका के फैंस उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग उनके लिए प्यार और समर्थन जता रहे हैं। उम्मीद है कि छोटा सा मेडिकल प्रोसीजर सफल रहेगा और दीपिका जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने सामान्य जीवन में लौटेंगी।

