निक्की तंबोली ने बॉयफ्रेंड को दिया धोखा! किया एक-दूसरे को अनफॉलो, चीटिंग के बाद बढ़ा विवाद
punjabkesari.in Sunday, Aug 30, 2026 - 03:30 PM (IST)
नारी डेस्क: निक्की तंबोली और अरबाज पटेल के रिश्ते को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। 'बिग बॉस मराठी 5' के दौरान करीब आए इस कपल के कथित ब्रेकअप की खबरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है। हालांकि, दोनों में से किसी ने भी अब तक अपने रिश्ते के खत्म होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ब्रेकअप की खबरों के बीच दोनों की सोशल मीडिया पोस्ट ने इस मामले को और हवा दे दी है। अरबाज पटेल की एक पोस्ट को जहां निक्की पर धोखे का इशारा माना जा रहा है, वहीं निक्की तंबोली की ओर से शेयर किया गया एक मैसेज भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। उनकी पोस्ट को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स इसे अरबाज के आरोपों के जवाब के तौर पर देख रहे हैं।
अरबाज पटेल ने धोखे को लेकर शेयर किया पोस्ट
कथित तौर पर रिश्ते में आई दरार के बीच अरबाज पटेल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक ऐसा नोट शेयर किया, जिसने चर्चाओं को और बढ़ा दिया। उन्होंने लिखा कि अपने पार्टनर को धोखा देने के बाद उसी के सामने प्यार जताना बेहद अपमानजनक स्थिति है। अरबाज के पोस्ट में लिखा था, "अपने पार्टनर को धोखा देना और फिर घर आकर उनकी आंखों में आंखें डालकर यह कहना कि आप उनसे प्यार करते हैं, यह बेइज्जती का एक अलग ही स्तर है। मैंने जो कहा, सो कहा।" हालांकि अरबाज ने अपनी पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन जिस समय यह मैसेज सामने आया, उसी दौरान निक्की और उनके अनफॉलो करने की खबरें भी सामने आईं। इसी वजह से सोशल मीडिया पर कई लोग इसे निक्की से जोड़कर देख रहे हैं।

निक्की तंबोली ने भी शेयर किया 'अफेयर' वाला मैसेज
अरबाज की पोस्ट के बाद निक्की तंबोली की इंस्टाग्राम स्टोरी ने भी लोगों का ध्यान खींचा। एक्ट्रेस ने एक ऐसा मैसेज शेयर किया, जिसमें अफेयर की वजह को लेकर अलग नजरिया सामने रखा गया है। निक्की ने लिखा, "सच जो कोई नहीं बताता: अफेयर इसलिए नहीं होते क्योंकि कोई नया व्यक्ति बहुत आकर्षक होता है, बल्कि इसलिए होते हैं क्योंकि कोई पुराना व्यक्ति अपने वादों का सम्मान करना बंद कर देता है।" निक्की की इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर अरबाज के पोस्ट का जवाब माना जा रहा है। हालांकि, एक्ट्रेस ने भी सीधे तौर पर अरबाज या किसी कथित अफेयर का नाम नहीं लिया है। इसलिए दोनों पोस्ट के पीछे की असली कहानी क्या है, इसे लेकर फिलहाल सिर्फ कयास ही लगाए जा रहे हैं।

दोनों ने किया एक-दूसरे को अनफॉलो
ब्रेकअप की चर्चाओं को सबसे ज्यादा हवा तब मिली, जब निक्की और अरबाज ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया। सोशल मीडिया पर दोनों की यह गतिविधि फैंस की नजरों से बच नहीं सकी और देखते ही देखते उनके रिश्ते में दरार की खबरें वायरल होने लगीं। दिलचस्प बात यह है कि दोनों के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अभी भी साथ की तस्वीरें मौजूद हैं। ऐसे में यह साफ नहीं है कि दोनों के बीच वास्तव में रिश्ता खत्म हो चुका है या फिलहाल उनके बीच किसी तरह का विवाद चल रहा है।
'बिग बॉस मराठी 5' में शुरू हुई थी लव स्टोरी
निक्की तंबोली और अरबाज पटेल की लव स्टोरी की शुरुआत 'बिग बॉस मराठी 5' के घर से हुई थी। शो के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और देखते ही देखते उनकी जोड़ी चर्चा में आ गई। निक्की ने बाद में फराह खान के व्लॉग में अपनी लव स्टोरी के बारे में बात की थी। उन्होंने बताया था कि शो में जाने से पहले उन्होंने प्रोडक्शन टीम के सामने अपनी इच्छा जाहिर की थी कि वह किसी ऐसे व्यक्ति से मिलना चाहती हैं, जिसके साथ उनका रिश्ता बन सके। उस समय वह सिंगल थीं और एक खास इंसान की तलाश में थीं।
ये भी पढ़ें: 70 किलो बर्फ में 12 मिनट तक बैठीं हिना खान, जानिए क्या है ये थेरेपी
निक्की के मुताबिक, जब उन्होंने स्टेज पर अरबाज को पहली बार देखा तो उन्हें तुरंत उनसे एक अलग तरह का जुड़ाव महसूस हुआ। अरबाज ने भी उस दौरान बताया था कि निक्की ने सबके सामने ही यह जाहिर कर दिया था कि वह उन्हें पसंद करती हैं। बाद में निक्की ने अरबाज के बारे में ऑनलाइन सर्च किया, क्योंकि शो में आने से पहले वह उनके बारे में ज्यादा नहीं जानती थीं।
'द 50' में भी साथ नजर आया था कपल
रियलिटी शो के बाद भी निक्की और अरबाज का रिश्ता जारी रहा। दोनों ने हाल ही में 'द 50' में भी साथ काम किया। इसी शो के दौरान अरबाज ने नेशनल टेलीविजन पर निक्की को प्रपोज किया था। इस खास पल की क्लिप निक्की ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर की थी। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा था, "जिंदगी की रफ्तार कम नहीं हुई... लेकिन उस एक पल के लिए मेरा दिल जरूर थम गया।" निक्की ने इस प्रपोजल को बिना स्क्रिप्ट वाला पल बताया था। उन्होंने कहा था कि भीड़ और शोर के बीच यह ऐसा मौका था, जब दो लोगों ने एक-दूसरे को फिर से चुना।

निक्की के पिता इस रिश्ते के खिलाफ थे
निक्की तंबोली पहले अपने और अरबाज के रिश्ते को लेकर परिवार की प्रतिक्रिया पर भी खुलकर बात कर चुकी हैं। एक्ट्रेस ने बताया था कि उनके पिता इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे थे और इसके बावजूद उन्होंने अपने प्यार का साथ देने का फैसला किया था। निक्की ने कहा था कि वह अपने पिता की इच्छा के खिलाफ गईं, क्योंकि उनकी मां ने उन्हें सिखाया था कि किसी व्यक्ति के लिए अपने प्यार की कुर्बानी नहीं देनी चाहिए।
करीब दो साल तक चर्चा में रहे इस रिश्ते के बीच अब दोनों का एक-दूसरे को अनफॉलो करना और उसके बाद सामने आईं ये पोस्ट नई अटकलों को जन्म दे रही हैं। हालांकि, निक्की और अरबाज ने अभी तक अपने रिश्ते या कथित ब्रेकअप को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। ऐसे में फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि दोनों का रिश्ता पूरी तरह खत्म हो चुका है या यह सिर्फ उनके बीच चल रहे मतभेद का नतीजा है।

