घी बनाते समय क्यों डाला जाता है पान का पत्ता? फायदे जानकर आप भी अपनाएंगें ये नुस्खा!
punjabkesari.in Saturday, Oct 18, 2025 - 03:17 PM (IST)
नारी डेस्क : देसी घी भारतीय रसोई का अहम हिस्सा है। चाहे रोटी पर लगाना हो या खाने में स्वाद बढ़ाना, घी का इस्तेमाल हर घर में होता है। आज भी ज्यादातर महिलाएं घर पर ही घी बनाना पसंद करती हैं, क्योंकि घर का बना घी न केवल शुद्ध और ताज़ा होता है, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है।
लेकिन क्या आप जानती हैं कि कई लोग घी बनाते समय उसमें एक पान का पत्ता भी डालते हैं? आइए जानते हैं इसके पीछे का कारण।
घी बनाते समय पान का पत्ता डालने की वजह
घी बनाते समय पान का पत्ता डालना एक पुराना घरेलू नुस्खा है, जो कई पीढ़ियों से चला आ रहा है।

घी को नमी से बचाता है
पान का पत्ता घी में मौजूद अतिरिक्त नमी को सोख लेता है, जिससे घी जल्दी खराब नहीं होता। इस तरह यह घी को अधिक समय तक ताज़ा, सुगंधित और शुद्ध बनाए रखता है। यही वजह है कि पान का पत्ता डालने से घी की शेल्फ लाइफ नेचुरली बढ़ जाती है।
यें भी पढ़ें : किचन के इन मसालों से झड़ते बाल होंगे बंद, फिर नहीं दिखेगी गंजी खोपड़ी
बैक्टीरिया से बचाव
पान के पत्ते में मौजूद प्राकृतिक एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण घी को लंबे समय तक शुद्ध और सुरक्षित बनाए रखते हैं। यह घी में बैक्टीरिया और अन्य सूक्ष्म जीवाणुओं की वृद्धि को रोकता है, जिससे घी का स्वाद, गुणवत्ता और पोषण मूल्य लंबे समय तक बना रहता है।

खुशबू और स्वाद बढ़ाता है
जब घी बनाते समय उसमें पान का पत्ता डाला जाता है, तो उसकी हल्की सुगंध और प्राकृतिक स्वाद घी में घुल जाते हैं। इससे घी का अरोमा और टेस्ट दोनों निखर जाते हैं, और यह खाने में एक खास खुशबू और स्वाद जोड़ देता है जो घर के बने घी को और भी लाजवाब बना देता है।
यें भी पढ़ें : Amla Benefits: लगातार 2 हफ्ते खाए आंवला, फिर देखें कमाल
पाचन में मददगार
आयुर्वेद के अनुसार, पान के पत्ते में प्राकृतिक डाइजेस्टिव और कूलिंग प्रॉपर्टीज होती हैं, जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाती हैं। जब घी बनाते समय इसमें पान का पत्ता मिलाया जाता है, तो इसके ये गुण घी में समा जाते हैं। परिणामस्वरूप, यह घी न केवल स्वादिष्ट बनता है बल्कि पेट के लिए हल्का और पाचन में सहायक भी होता है।

घी में और क्या-क्या डाला जा सकता है?
पान के पत्ते की तरह कुछ लोग घी बनाते समय अन्य प्राकृतिक चीजें भी डालते हैं, जैसे–
करी पत्ता: घी को सुगंधित बनाता है
मेथी दाना: डाइजेशन बेहतर करता है
मोरिंगा (सहजन) पत्ता: पोषण बढ़ाता है
हल्दी या केसर: रंग और औषधीय गुण बढ़ाते हैं।
पान का पत्ता सिर्फ माउथ फ्रेशनर नहीं, बल्कि घी बनाने का एक सीक्रेट इंग्रीडिएंट भी है। अगली बार जब घर पर घी बनाएं, तो एक बार यह नुस्खा जरूर आज़माएं — आपको फर्क महसूस होगा।

