डेंगू Double Aattack करे तो क्या होगा? दूसरी बार बुखार होने से शरीर का हो जाता है ये हाल
punjabkesari.in Wednesday, Nov 11, 2026 - 04:03 PM (IST)
नारी डेस्क: डेंगू दूसरी बार होने पर और भी खतरनाक हो सकता है। मच्छरों से फैलने वाले इस वायरल संक्रमण के कारण बुखार, सिरदर्द और शरीर में दर्द होता है, और इससे प्लेटलेट काउंट भी गिर सकता है। डेंगू से ठीक होने के बाद भी आपको सावधानी बरतते रहना चाहिए, क्योंकि पहले हुआ संक्रमण सभी तरह के वायरस से सुरक्षा नहीं देता है। दूसरी बार होने वाला संक्रमण अधिक गंभीर हो सकता है और कुछ मामलों में तो जानलेवा भी साबित हो सकता है।
क्यों होता है दोबारा डेंगू?
एक बार डेंगू हो जाने से आपको इस बीमारी के खिलाफ पूरी इम्युनिटी (रोग प्रतिरोधक क्षमता) नहीं मिल जाती। डेंगू वायरस के चार अलग-अलग सीरोटाइप होते हैं: DENV-1, DENV-2, DENV-3 और DENV-4। हालांकि एक प्रकार से संक्रमित होने पर शरीर में उस विशेष सीरोटाइप के खिलाफ सुरक्षात्मक इम्युनिटी बन जाती है, लेकिन इससे बाकी तीन सीरोटाइप के खिलाफ लंबे समय तक सुरक्षा नहीं मिलती है। चूंकि भारत में इसके चारों प्रकार पाए गए हैं, इसलिए जो लोग एक बार संक्रमित होकर ठीक हो चुके हैं, वे किसी दूसरे सीरोटाइप (serotype) से फिर से संक्रमित हो सकते हैं।
दूसरी बार होने वाला संक्रमण कितना गंभीर ?
दूसरी बार डेंगू होने का खतरा काफी बढ़ जाता है, क्योंकि इसका संबंध इस बात से है कि पहली बार के संक्रमण से बने एंटीबॉडी, किसी दूसरे प्रकार के डेंगू वायरस के प्रति कैसी प्रतिक्रिया देते हैं। जब किसी दूसरे प्रकार के वायरस से दोबारा संक्रमण होता है, तो पहले प्रकार के वायरस के खिलाफ बने एंटीबॉडी उस वायरस से जुड़ तो जाते हैं लेकिन उसे नष्ट नहीं कर पाते। इसके बजाय, वे वायरस को इम्यून सेल्स (रोग प्रतिरोधक कोशिकाओं) में और आसानी से प्रवेश करने में मदद करते हैं, जिससे शरीर में वायरस की मात्रा (वायरल लोड) बढ़ जाती है। इस खास प्रक्रिया को 'एंटीबॉडी-डिपेंडेंट एन्हांसमेंट' (ADE) कहा जाता है।
शरीर को इस तरह प्रभावित करता है डेंगू
गंभीर डेंगू के कारण रक्त वाहिकाओं से प्लाज्मा (रक्त का तरल हिस्सा) रिसने लग सकता है। इसके बाद फेफड़ों के आसपास या पेट के अंदर तरल पदार्थ जमा हो सकता है। इम्यून सिस्टम की प्रतिक्रिया के कारण रक्त वाहिकाओं से रिसाव होता है, जिससे फेफड़ों और पेट के अंदर तरल पदार्थ जमा हो जाता है। यह स्थिति आगे चलकर 'डेंगू शॉक सिंड्रोम' (DSS) में बदल सकती है। यह एक बहुत गंभीर स्थिति है, जिसमें प्लाज्मा के रिसाव के कारण रक्त संचार प्रणाली (circulatory system) फेल हो जाती है। नतीजतन, शरीर के महत्वपूर्ण अंगों तक पर्याप्त मात्रा में रक्त और ऑक्सीजन नहीं पहुच पाती है।" डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि बुखार कम होने के बाद भी सावधानी बरतनी चाहिए। लगातार उल्टी आना, पेट दर्द, तेजी से सांस लेना, मसूड़ों या नाक से खून आना, बहुत ज्यादा थकान या बेचैनी, पेशाब कम आना या डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) जैसे लक्षणों पर नजर रखें।
इस तरह रखें अपना ख्याल
विशेषज्ञों की सलाह है कि अपने घरों, कार्यालयों और स्कूलों के आसपास जमा पानी को हटा दें, क्योंकि यहीं डेंगू फैलाने वाले मच्छर पनप सकते हैं। इसी तरह, निर्माण स्थलों (construction sites) पर भी ध्यान देने की जरूरत है, क्योंकि वहां रखे बर्तनों या ऊबड़-खाबड़ जमीन पर बिना पता चले पानी जमा हो सकता है। पानी की सही निकासी और नियमित जांच से मच्छरों के पनपने की इन जगहों को कम किया जा सकता है। मच्छरों को नियंत्रित करने के उपायों के साथ-साथ, अगर आपको डेंगू जैसे लक्षण महसूस हों, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।

