दिल्ली में कोहरे का कहर: 150 से ज्यादा उड़ानें लेट और ट्रेनों की रफ्तार थमी, यात्रा से पहले पढ़ें पूरा अपडेट
punjabkesari.in Sunday, Dec 28, 2025 - 01:05 PM (IST)
नारी डेस्क : राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह घने कोहरे और अत्यधिक प्रदूषण ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। दृश्यता बेहद कम होने के कारण हवाई और रेल यातायात पर सीधा असर पड़ा। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से आने-जाने वाली 150 से अधिक उड़ानों में देरी दर्ज की गई, जबकि कई ट्रेनों की रफ्तार भी थम सी गई।
हवाई सेवाओं पर असर
घने कोहरे के चलते टेक-ऑफ और लैंडिंग में विमानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कम विजिबिलिटी के कारण फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। हालांकि, जैसे-जैसे सुबह बढ़ी, दृश्यता में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिला और उड़ानों का संचालन सामान्य होने लगा।
यात्रियों के लिए एयरपोर्ट की एडवाइजरी
दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने सुबह 9 बजे यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि दृश्यता में सुधार हो रहा है और फिलहाल उड़ानों का संचालन सामान्य रूप से किया जा रहा है। यात्रियों से अपील की गई कि वे अपनी फ्लाइट की ताजा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन के संपर्क में बने रहें।
यें भी पढ़ें : सर्दियों में ड्राई स्किन के लिए मूंगफली के छिलके का जादुई लेप
रेल यातायात भी प्रभावित
हवाई सेवाओं के साथ-साथ रेल यातायात भी कोहरे की चपेट में रहा। देश के अलग-अलग हिस्सों से दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। वहीं, दिल्ली से रवाना होने वाली कुछ ट्रेनों में भी देरी दर्ज की गई। खराब दृश्यता के कारण ट्रेनों की गति सीमित रखनी पड़ी, जिससे यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ी।
हवा की गुणवत्ता बेहद खराब
कोहरे के साथ प्रदूषण ने भी हालात गंभीर बना दिए। रविवार सुबह दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 392 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, शहर के 19 निगरानी केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ स्तर पर रही। आनंद विहार में हालात सबसे ज्यादा खराब रहे, जहां AQI 444 तक पहुंच गया।
यें भी पढ़ें : जापानी जानवर में मिला ऐसा बैक्टीरिया जो करेगा Cancer को जड़ से खत्म !
मौसम का ताजा हाल
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है। सुबह 8:30 बजे तक आर्द्रता का स्तर 71 प्रतिशत रहा। मौसम विभाग ने दिन में अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहने और आसमान के मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना जताई है।
यात्रियों के लिए सलाह: यदि आप दिल्ली से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट या ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें और अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें।

